सरसों की खरीद नहीं होने पर किसानों ने मंडी गेट पर लगाया ताला
लोहारू। सरसों की खरीद नहीं होने पर अखिल भारतीय किसान सभा की लोहारू इकाई के नेतृत्व में किसानों ने करीब तीन घंटे तक अनाज मंडी के गेट के ताला लगा कर धरना दिया। किसान सभा के अध्यक्ष रामसिंह शेखावत नेतृत्व में शाम छह बजे तक धरना दिया और 10 मई से उपमंडलाधीश कार्यालय के सामने मांगे नहीं माने जाने तक धरना दिया जाने का एलान किया।
राम सिंह ने कहा कि लोहारू क्षेत्र की अनाज मंडियों में सरसों की खरीद बंद करके सरकार किसानों के साथ भद्दा मजाक कर रही है जिसे किसी भी सूरत में बर्दास्त नही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को सरसों की खरीद के लिए किसानों को 10 दिन का समय और देना चाहिए । सरकार खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दे कि किसानों की सरसों एवं गेहूं की फसल को सरकारी रेट पर खरीद करें ताकि किसानों को बड़ी परेशानी से मुक्ति मिल सके। इस मौके पर अखिल भारतीय किसान सभा की लोहारू इकाई के प्रधान रामसिंह शेखावत, शेर सिंह यादव, पूर्व प्राचार्य पृथ्वी सिंह, रविदं्र कस्वा, सुमेर सिंह गोठड़ा सहित अनेक किसान मौजूद थे।
किरण चौधरी ने दिया समर्थन
कांग्रेसी नेता किरण चौधरी ने धरनारत किसानों के बीच पहुंच कर उन्हें पूरा समर्थन दिए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को बरबाद करने पर तुली हुई है। किसान की फसल को नहीं खरीदा जा रहा है ना ही खरीदी गई फसल का उठान हो रहा है। उन्होंने कहा कि श्रुति चौधरी के कार्यकाल में जिन योजनाओं का शिलान्यास हुआ था भाजपा सरकार उन्हीं का पुन: शिलान्यास कर झूठी वाह वाही लूट रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में किला मैदान में महिला कॉलेज की स्वीकृति के साथ-साथ भवन निर्माण का पूरा बजट तक अलाट हो चुका था परंतु बाद में भाजपा सरकार ने सब कुछ निरस्त करते हुए इस मामले को अधर में डाल दिया।