दीक्षा समारोह पर रिपोर्ट आने से पहले न लगाए जाएं होर्डिंग व पोस्टर : एसडीएम
अमर उजाला ब्यूरो
तोशाम।
25 अप्रैल को तोशाम में प्रस्तावित दीक्षा समारोह को लेकर बाल संरक्षण आयोग की आने वाली रिपोर्ट के मद्देनजर एसडीएम निर्मल नागर ने आयोजकों, शिकायतकर्ता व उपमंडल स्तर के अधिकारियों की बैठक बुलाई। इस दौरान एसडीएम ने दोनों पक्षों से बातचीत की और साथ ही आयोग की रिपोर्ट आने तक कार्यक्रम को लेकर किसी प्रकार के होर्डिंग, पोस्टर आदि न लगाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने अधिकारियों को भी स्थिति पर नजर बनाए रखने की हिदायत दी।
दीक्षा समारोह को लेकर आई शिकायत के मद्देनजर बाल संरक्षण आयोग की टीम दोनों पक्षों की सुनवाई कर चुकी है। मामले में आयोग की रिपोर्ट आएगी। आयोग की रिपोर्ट आने से पहले एसडीएम निर्मल नागर ने शनिवार सुबह उपमंडल परिसर कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में दीक्षा समारोह के आयोजकों, तोशाम के सरपंच व शिकायत पक्ष को भी बुलाया। एसडीएम ने कार्यक्रम आयोजकों को आयोग की रिपोर्ट आने तक कार्यक्रम को लेकर होर्डिंग, पोस्टर आदि गतिविधियां नहीं करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि आयोग की रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगामी कार्रवाई होगी। एसडीएम ने कहा कि मामले में आयोग की रिपोर्ट के बाद ही स्थिति तय होगी। इस मौके पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुभाषचंद्र, नायब तहसीलदार राजेंद्र शर्मा, थाना प्रभारी संदीप शर्मा, लोक निर्माण विभाग के उपमंडल अभियंता सबित पान्नू, तोशाम के सरपंच देवराज गोयल के अलावा दोनों पक्षों के सदस्य उपस्थित थे।