जूई में तीन खोखे में आग लगी, सिलेंडर में धमाका
भिवानी। जूई कस्बे में सोमवार तड़के तीन खोखे (अस्थायी दुकान) धू-धू कर जल उठे। एक खोखे में रखे एलपीजी गैस सिलेंडर में धमाके के बाद लोगों को आग के बारे में पता लगा। लेकिन तब तक सारा सामान खाक हो गया था।
सोमवार सुबह चार जूई के बाढड़ा मोड़ पर बनी अस्थाई दुकानों में अचानक आग गई। इन्हीं दुकानों में रखा एलपीजी गैस का सिलेंडर धमाके के साथ फटा तब लोगों को घटना का पता लगा। गनीमत रही कि धमाके के समय आसपास कोई आदमी नहीं था। आग की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठे हुए, लेकिन सिलेंडर के धमाके के कारण कोई नजदीक नहीं गया। इन अस्थायी दुकानों में एक चाय, एक हलवाई और तीसरी नमकीन वगैरह की थी।
दुकान मालिक जूई बचिली निवासी सुरेश कुमार, नरेश कुमार और मोहन सिंह ने बताया कि पिछले कई सालों से जूई स्थित बाढड़ा मोड़ पर चाय बनाने, खाने पीने और पेय पदार्थ की दुकान चला रहे थे। इसी दुकान से घर का गुजर बसर हो रहा था। शाम को दुकान को ठीक से बंद करके गए थे। सोमवार सुबह चौकीदारों ने दुकान में आग लगी होने की सूचना दी। इसके बाद दुकान पर जाकर देखा तो सारा सामान जलकर राख हो चुका था। आग लगने से फ्रीज, फर्नीचर, खाने पीने का सामान सब खाक हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
जूई पुलिस चौकी प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने से तीन खोखों में बनी दुकानों में नुकसान होने की शिकायत मिली है। आग से दुकानों में नुकसान हुआ है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
--
पखवाड़े भर में आग की तीसरी घटना
जूई में आगजनी की ये तीसरी घटना है। आग कैसे और क्यों लगी है, किसी को नहीं पता। दो दिन पहले जूई के मेन बस स्टैंड पर अज्ञात कारणों के चले साहिल बुक डिपो पर आग लग गई थी। आग लगने से दुकान में रखी फोटो स्टेट मशीन, फर्नीचर, मोबाइल आदि सामान जलकर राख हो गया था। दो सप्ताह पहले प्लाट में रखी भूपसिंह लांबा की लकड़ियों को आग लगी थी।