वर्कशाप में आग लगने से टायर हुए खाक
लोहारू। कसबा ढिगावा में अनाज मंडी गेट के सामने स्थित संजय आटो वर्क्स टायर वर्कशाप में मंगलवार रात्रि आग गई। आग से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान और मशीनरी आग में जलकर खाक हो गई।
ओमप्रकाश नेहरा ने बताया कि मंगलवार रात को करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी और दुकान में रखे लगभग 500 नए-पुराने टायर, ग्रीस, मोबिल आयल व मशीनरी जल गए। आग की सूचना वहां से गुजर रहे एक ट्रक चालक ने सरपंच के धर्मकांटा पर दी और उन्होंने मुझे बताया। सरपंच सहित ग्रामीणों व दुकानदारों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन टायरों व तेल में लगी आग और भड़कती गई। अंतत: फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना पुलिस-प्रशासन को दी गई है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि दुकानदार की माली हालत को देखते हुए नुकसान की भरपाई की जाए।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि लोहारू के ढिग़ावा मंडी कस्बे में एक टायर वर्कशाप में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड बुलाकर आग पर काबू पाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।