भिवानी-हांसी मार्ग पर सेक्टर-13 मोड के पास पीछे से तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने स्कूटी को टक्कर मार दी जिसमें स्कूटी सवार तीन भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया।
भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर सेक्टर-13 मोड के पास सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार तीन भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के दौरान 13 वर्षीय वानिका की मौत हो गई।
विज्ञापन
फॉर्च्यूनर ने पीछे से मारी टक्कर
जगत कॉलोनी निवासी वानिका अपनी बहन जैस्मिन और भाई के साथ सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे स्कूटी पर किसी काम से जा रही थी। जब वे भिवानी-हांसी मार्ग पर सेक्टर-13 मोड के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान वानिका ने दम तोड़ दिया। वहीं उसकी बहन जैस्मिन और भाई को उपचार दिया गया तथा प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया।
मृतका की बहन की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शहर थाना पुलिस के जांच अधिकारी आजाद ने बताया कि मृतका की बहन जैस्मिन की शिकायत पर फॉर्च्यूनर गाड़ी के अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हादसे के बाद चालक फॉर्च्यूनर समेत मौके से फरार हो गया था।