अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। कोंट रोड पर पुराने बिछाए गए ब्लॉकों को उखाड़ने के बाद फिर से पुराने ब्लॉक लगाने की बात को लेकर बिफरे कोंट रोड वासियों ने वीरवार सुबह जाम लगा दिया। लगभग एक सप्ताह पहले दादरी गेट से कोंट रोड होते हुए मिनी बाईपास तक के रास्ते पर लगे हुए पुराने ब्लॉकों को उखाड़ने का काम संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा था, लेकिन ठेकेदार द्वारा काम बीच में छोड़ दिया गया और उखाड़े गए पुराने ब्लॉकों को ही लगाने की बात कही गई जिस पर कॉलोनीवासियों ने विरोध जताया। इस पर मांग की गई कि सड़क को नए सिरे से बनाया जाए। धूल भरी सड़क के किनारे पर फुटपाथ का निर्माण भी किया जाए।
कॉलोनी निवासी संजय शर्मा, डॉ. प्रवीण अंचल, बलजीत सिंह ने बताया कि दादरी गेट से मिनी बाईपास तक की कोंट गांव की तरफ जाने वाली सड़क जर्जर अवस्था में है। फुटपाथ न होने के कारण यह सड़क धूल से अटी हुई है। लंबे समय बाद अब इस सड़क का जब फिर से निर्माण कार्य शुरू हुआ तो ठेकेदार पुराने ब्लॉकों को ही उखाड़कर लगाना चाहता है। इसीलिए उनकी मांग है कि सड़क को न केवल नए सिरे से बनाया जाए, बल्कि सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ का भी निर्माण किया जाए ताकि धूल से निजात मिल सके। उन्होंने बताया कि सड़क व फुटपाथ निर्माण को लेकर उन्होंने विधायक घनश्याम सर्राफ व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भी पत्र लिखा है।
कॉलोनीवासियों ने कहा कि उन्हें मजबूर सांकेतिक रोड जाम कर प्रशासन को चेताना पड़ रहा है। वे किसी भी हालत में पुरानी ब्लॉकों को फिर से नहीं लगने देंगे। जाम कुछ समय ही रहा। बाद में कॉलोनी वासियों ने स्वयं ही खोल दिया। इस मौके पर कॉलोनीवासी पंकज, विजय, बलजीत, संजय, डॉ. प्रवीण अंचल, हरभगवान, श्रीदयानंद, संजय शर्मा, अशोक कुमार, अंतराम, प्रमोद कुमार, घाकू नाई, ऋषि राम, शिव कुमार, अनवर अली, रामदास, विजय, डॉ. नवीन आदि कॉलोनीवासी मुख्य रूप से मौजूद रहे।