अमर उजाला ब्यूरो
तोशाम।
कस्बे में पेयजल संकट गहराने जा रहा है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने टैंकों में पानी की मात्रा को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। नहरी पानी नहीं आने तक विभाग ने हर चौथे दिन पेयजल सप्लाई की बात कही है। नहरी पानी न आने की स्थिति में यह संकट ओर भी गहरा सकता है। ऐसे में विभाग ने कस्बावासियों से पानी की बचत किए जाने का आह्वान किया है।
विभाग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक तोशाम जल घर में बने विभिन्न सात टैंकों में कुल 46 फिट पानी है। इन टैंकों की क्षमता 80 फिट की है जिससे माह भर पानी की सप्लाई दी जाती है। लेकिन नहरी पानी बेहद कम आने की वजह से टैंकों में फिलहाल 46 फिट पानी है। ऐसे में विभाग ने प्रत्येक चौथे दिन कस्बे में सप्लाई दिए जाने का फैसला लिया है। अब तक हर तीसरे दिन पेयजल सप्लाई दी जाती रही है। विभाग ने कस्बे के लोगों से खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि जैसे ही विभाग को नहरी पानी उपलब्ध होगा तो पेयजल सप्लाई पहले की तरह कर दी जाएगी। फिलहाल स्थिति खराब है। विभाग ने लोगों से पानी की बचत करने व व्यर्थ पानी न बहने देने की अपील की है।
इस संबंध में शर्मा नर्सिंग होम की संचालिका डॉ प्रोमिला शर्मा ने कहा कि हम सबका यह दायित्व बन जाता है कि हम पानी की उपयोगिता को समझें। विशेषकर महिलाएं पानी की खपत को रोकने के लिए अहम भूमिका निभा सकती हैं। घरों में पानी का प्रयोग बर्तन धोने, कपड़े धोने, फर्श एवं पाखाने की सफाई आदि सभी कार्यों में होता है। स्वयं की सूझबूझ से इन तमाम कार्यों में पानी की खपत को कम किया जा सकता है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ प्रवीण जांगड़ा ने बताया कि निगाणा फीडर से कम मात्रा में पानी आने की वजह से 80 फिट की जगह 46 फिट पानी ही एकत्रित हो पाया है। जिसके चलते पेयजल सप्लाई की समय सारणी एक दिन बढ़ा दी गई है। एसडीओ जांगड़ा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पानी की कमी को देखते हुए व्यर्थ पानी न बहने दें और पानी की बचत करें।