जिले के कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर, 200 किसान फर्द और 500 लोग बिना कार्य के लौटे
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
कंप्यूटर ऑपरेर्ट्स की हड़ताल की वजह से लघु सचिवालय समेत विभिन्न विभागों का काम दिनभर बुरी तरह प्रभावित रहा। ई- दिशा केंद्र व रजिस्ट्री ऑफिस में कामकाज ठप होने के कारण लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। वहीं सीटीएम ऑफिस, एडीसी ऑफिस, एसडीएम ऑफिस, डीसी ऑफिस व अन्य विभागों में भी ऑनलाइन कोई भी कार्य न होने से लोग भटकते रहे। सोमवार को ई-दिशा केंद्र में कार्यरत 12 ऑपरेटर समेत अन्य विभागों के 55 ऑपरेटर हड़ताल पर रहे। दिनभर ई-दिशा समेत अन्य ऑफिस खुले रहे, लेकिन कार्य के लिए कर्मचारी दिखाई नहीं दिया। वहीं कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के जिला प्रधान के अनुसार जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी।
लोग चोरी की शिकायत, सीएम विंडों में शिकायत, इनकम सर्टिफिकेट, जाति प्रमाण पत्र, लाइसेंस, रिहायशी प्रमाण-पत्र, आरसी व अन्य कामों के लिए ऑफिस पहुंचते रहे, लेकिन ऑपरेटरों की हड़ताल के कारण सभी लोगों को केंद्र से खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। यहां हर रोज 500 से 700 लोग अपने कार्यों के लिए आते हैं। सोमवार को एक भी कागज न तो जमा हो पाया और न ही किसी कोई कागज मिल पाया।
ऐसे ही रजिस्ट्री ऑफिस में भी किसानों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। रजिस्ट्री ऑफिस में 12 कंप्यूटर आपरेटर कार्यरत हैं, लेकिन वहां भी कोई कर्मचारी दिखाई नहीं दिया। लोग रजिस्ट्री के लिए ऑफिस में पहुंचे, लेकिन ऑफिस में कोई कर्मचारी दिखाई न देने पर खाली हाथ वापस लौट जाते। रजिस्ट्री व फर्द के लिए जहां पहले 200 लोगों का काम होता था वहां दिनभर कोई कार्य नहीं हो पाया। किसानों को इसका भारी नुकसान झेलना पड़ा। रजिस्ट्री ऑफिस में फर्द के लिए किसान बार-बार चक्कर काटते रहे, लेकिन बाहर से खिड़की बंद होने के कारण किसानों को वापस लौटना पड़ा।
--
हड़ताल के कारण हुआ मोटा नुकसान
वही रजिस्ट्री, इनकम सर्टिफिकेट, लाइसेंस, आरसी, फर्द, जाति प्रमाण पत्र व अन्य कई कार्य, जिनमें सरकारी फीस जमा होती हैं वह सभी बंद रहने से लाखों के राजस्व का नुकसान झेलना पड़ा। रजिस्ट्री आफिस में ही हर रोज लाख से ऊपर की फीस जमा की जाती थी, लेकिन सोमवार को काम न होने के कारण नुकसान झेलना पड़ा। वहीं अन्य कामों में भी प्रशासन को भारी नुकसान झेलना पड़ा।
---
पक्का करने और दर्ज केस वापस लेने की मांग
कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के जिला प्रधान सुशील कुमार ने बताया कि मांग पूूरी होने तक कंप्यूटर ऑपरेर्ट्स का आंदोलन जारी रहेगा। इस वक्त प्रदेशभर के कंप्यूटर ऑपरेटर्स पंचकूला में धरने पर बैठे हैं। सरकार कंप्यूटर ऑपरेटर को नियमित नहीं करेगी और उन पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लेगी तब तक वे धरने से नहीं उठेंगे। कंप्यूटर ऑपरेटर कई बार शासन-प्रशासन को मांग पत्र भी दे चुुका है, लेकिन आज तक कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई।
---
कंप्यूटर ऑपरेटर्स की हड़ताल की वजह से लोगों की परेशानी को देखते हुए आईटीआई अप्रेंटिस व सक्षम युवाओं की मदद ली जाएगी। मंगलवार को उनको ट्रेनिंग देकर काम संभलवाया जाएगा। इस मसले पर सोमवार को एसडीएस से हुई मीटिंग के बाद यह निर्णय लिया गया।
पंकज बजाज, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी