भूकंप की मॉक ड्रिल की तैयारियों में जुटा प्रशासन
भिवानी। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में 21 दिसंबर को की जाने वाली भूकंप की मॉक ड्रिल के लिए प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। स्थानीय डीआरडीए हॉल में सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त अंशज सिंह ने निर्देश दिए कि भूकंप की स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि भूकंप प्रभावित भवनों पर बचाव कार्य के लिए टीम अतिशीघ्र पहुंचे। उन्होंने कहा कि बचाव कार्य के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि बचाव कार्य के दौरान हर संभव जरूरी उपकरण हों। इसी प्रकार से उन्होंने कहा कि राहत कार्य के लिए चिकित्सकों की विशेष टीम मौजूद रहें। उपायुक्त ने अधिक घायलों को रेफर करने की भी व्यवस्था हो। इसी प्रकार से उन्होंने बचाव कार्य के लिए रेडक्रॉस से रक्तदाता और वालिंटीयर भी तैयार रहने को कहा। जिला राजस्व अधिकारी राम सिंह ने बताया कि जिला चौ. बंसीलाल राजकीय सामान्य अस्पताल में नर्सिंग हॉस्टल, सिनेमा हॉल, बीटीएम मिल, शिक्षा बोर्ड की रिहायशी कॉलोनी, लघु सचिवालय और हलवासिया स्कूल में भूकंप की मॉक ड्रिल की जाएगी। इन क्षेत्रों की स्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग अधिकारियों की देखरेख में टीम गठित की गई हैं। हुडा मैदान में 21 दिसंबर को सभी विभागों से नियुक्त किए गए अधिकारी व कर्मचारी सुबह नौ बजे मौजूद रहेंगे, जहां से वे भूकंप प्रभावित जगहों पर पहुंचकर बचाव कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि डीआरडीए हॉल में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बचाव कार्य के दौरान खाद्य सामग्री का भी प्रबंध किया जाएगा ताकि प्रभावित व्यक्तियों को भोजन की परेशानी न हो। इस मौके पर एसडीएम सतीश कुमार, नगराधीश महेश कुमार, तोशाम के एसडीएम अजय चौपड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।