लोगों के सामने सैंपल लिया, बाद में रोड पर फेंक दिया
बहल। सरकारी अधिकारी और कर्मचारी जनसमस्याओं को किस गंभीरता से लेते हैं, इसकी बानगी कस्बे के एक रोड में घटिया किस्म के ब्लॉक लगाए जाने की शिकायत पर देखने को मिली। आरोप है कि अधिकारियों ने लोगों की शिकायत पर ब्लॉक के सैंपल लिए और जाते समय उसको कुछ दूरी पर फेंक गए। ब्लॉक का सैंपल जब युवाओं को मिला तो उन्होंने सरकारी कार्यशैली की सोशल साइट्स पर खूब खिल्ली उड़ाई।
कस्बे में सरकारी अस्पताल से लेकर पुराना थाना चौक तक रास्ते में ब्लॉक लगाने का काम चल रहा है। वैसे तो यह काम शुरू से ही विवादों में रहा है लेकिन मंगलवार को जब अधिकारी काम का निरीक्षण करने आए तो कस्बे के युवाओं ने इसमें घटिया किस्म के ब्लॉक लगाए जाने की शिकायत की। युवाओं ने कहा कि ब्लॉक टूटे हुए हैं तथा ऐसे घटिया सामग्री से बने है जिनको हाथ लगाते ही सीमेंट छूट रही हैं। अधिकारियों ने उसी वक्त एक ब्लॉक लिया तथा सबके सामने ही उस पर साइन कर उसे बतौर सैंपल ले लिया। युवाओं को उम्मीद थी कि उनकी समस्या सुनी जाएगी तथा घटिया सामग्री की जगह अच्छी गुणवत्ता वाली सामग्री का प्रयोग होगा।
लेकिन, जो पत्थर बतौर सैंपल अधिकारियों ने लिया था, वही ब्लॉक का टुकड़ा किसी को सिरसी रोड के किनारे पड़ा मिला। जब वह युवाओं के हाथ लगा तो उन्होंने उसकी फोटो लेकर सोशल मीडिया पर डाल दी तथा सरकारी कामकाज एवं शिकायत दूर करने को लेकर जमकर शिकायत की। युवाओं ने कहा कि ऐसी ही शिकायत सुननी थी तो जनता को बेवकूफ बनाए जाने की क्या जरूरत थी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे कितने ही दावे करे लेकिन सरकारी कामकाज में आज भी पारदर्शिता नहीं आ सकी है।
--
वर्जन
कुछ लोगों ने घटिया सामग्री प्रयोग किए जाने की शिकायत की थी, लेकिन उन्होंने वो सैंपल खुद नहीं लिया। कुछ जनप्रतिनिधियों ने इसे जांच करवाने की बात कहकर लिया था। यह रोड पर कैसे पहुंचा मुझे नहीं मालूम। घटिया सामग्री लगने की जांच करवाएंगे।
सुरेन्द्र घणघस, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी