अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
पिछले 24 घंटे में उच्चतर शिक्षा विभाग ने दो मर्तबा मेरिट लिस्ट कॉलेजों में भेजी, लेकिन संशोधित लिस्ट में भी खामी दूर नहीं हुई। खामियों की वजह से विद्यार्थी दिनभर परेशान रहे। विद्यार्थियों इस बात को लेकर नाराजगी दिखी कि संशोधित लिस्ट में भी विभाग त्रुटि दूर नहीं कर सका। बच्चे उस समय चौंक गए, जब तीसरी लिस्ट मेें कटऑफ दूसरी लिस्ट से भी अधिक दिखाई दिया।
पहली और दूसरी लिस्ट में न आने वाले छात्र शुक्रवार सुबह से ही कॉलेजों में पहुंचनाशुरू हो गए थे। सभी छात्रों के चेहरे उस वक्त मायूस हो गए जब तीसरी कट ऑफ लिस्ट में भी उन्हीं विद्यार्थियों का नाम था, जिनका पहली और दूसरी लिस्ट में था। ऐसे कई केस सामने आए। तीसरी लिस्ट में नाम की उम्मीद लेकर आए बच्चों को निराश लौटना पड़ा। विद्यार्थियों का कहना था कि पहली और दूसरी लिस्ट के विद्यार्थियोें ने एडमिशन नहीं लिया तो फिर तीसरी लिस्ट में नाम डाला जाना औचित्यहीन है।
राजीव गांधी महिला महाविद्यालय के एडमिशन नोडल अधिकारी त्रिलोक चंद ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग ने पहली और दूसरी लिस्ट में एडमिशन न लेने वाले बच्चों के नाम भी तीसरी लिस्ट डाल दिए। इसलिए, तीसरी लिस्ट अप्रासंगिक हो गई। तीसरी लिस्ट के बाद कॉमर्स में एक भी एडमिशन नहीं हुआ है। जिनका नाम लिस्ट में नहीं आया वे 20 जुलाई को होने वाली फिजिकल काउंसलिंग में भाग लेकर एडमिशन ले सकते हैं। बची हुई सीटों पर 20 तारीख को मेरिट के हिसाब से एडमिशन होगा।
गांव मालवास देवसर की रहने वाली मीनाक्षी ने बताया कि वह एससी कैटेगरी से है उसकी पास प्रतिशतता 64.2 है। वह राजीव गांधी महिला महाविद्यालय में बीए में दाखिला लेने आई हैं, लेकिन तीसरी लिस्ट में उसका नाम नहीं आया। दूसरी लिस्ट में न्यूनतम प्रतिशतता 65 आ गई थी। उसे यकीन था कि तीसरी लिस्ट में उसका नंबर जरूर आ जाएगा, पर देखा तो लिस्ट में उसका नाम कहीं नहीं है। लिस्ट की न्यूनतम कट ऑफ 69 है। वह रोज-रोज आकर परेशान हो गई हैं। पता नहीं उसका एडमिशन होगा या नहीं होगा।
धनाना गांव की सोनू का कहना है कि सामान्य कैटेगरी में 80.8 प्रतिशत है। तीसरी लिस्ट में तो दूसरी से भी ज्यादा कट ऑफ चली गई है। दूसरी लिस्ट में बीएससी की कट ऑफ 82.4 आई थी। वह राजीव गांधी कॉलेज में बीएससी नॉन मेडिकल में एडमिशन लेना चाहती थी पर नाम नहीं आया। उसने कंप्यूटर साइंस में एडमिशन लिया है। तीसरी लिस्ट में ज्यादातर उन्हीं बच्चों के नाम हैं, जिनका पहले दोनों लिस्टों में नाम आ चुका था। उन्होंने एडमिशन नहीं लिया था।
सोनू छात्रा
गांव धनाना
सामान्य कैटेगरी से ताल्लुक रखने वाली गोलागढ़ गांव की मोनम ने बताया कि वह राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में बीकॉम में एडमिशन लेना चाहती हैं। दूसरी लिस्ट में न्यूनतम कट ऑफ 75.4 ही आई थी, उसमें उसका नाम नहीं आया। तीसरी लिस्ट में न्यूनतम कट ऑफ 85.04 आई है। काफी परेशान हो चुकी हूं। अब एडमिशन भी नहीं हुआ।
मोनम छात्रा
गांव गोलागढ़