अमर उजाला ब्यूरो
तोशाम। खानक में खनन कार्य के लिए एचएसआईआईडीसी ने टेंडर जारी किए हैं। इनकी ओपनिंग के साथ ही अब खानक में खनन कार्य तेज होने की संभावना है। शुक्रवार को ड्रिल, ब्रेकिंग और लोडिंग का टेंडर केएससी बिल्ड कॉन प्राइवेट लिमिटेड को मिल गया। निजी कंपनी के अनुसार वर्क ऑर्डर मिलने के साथ ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्राइवेट कंपनी 41 रुपये प्रति टन के भाव से एचएसआईआईडीसी को पत्थर उपलब्ध करवाएगी।
सरकार ने खानक में खनन कार्य का जिम्मा एचएसआईआईडीसी को दिया है। पिछले दिनों एचएसआईआईडीसी ने पहाड़ में ड्रिलिंग, पत्थर तोड़कर छोटा करने और लोडिंग के टेंडर जारी किए थे। शुक्रवार को टेंडर ओपन होने के साथ ही यह कार्य केएससी बिल्ड कॉन प्राइवेट लिमिटेड को मिल गया। इस संबंध में केएससी बिल्ड कॉन प्राइवेट लिमिटेड के सुनील शर्मा से संपर्क किया गया तो उन्होंने टेंडर मिलने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि एचएसआईआईडीसी के नॉर्म्स के मुताबिक कार्य होगा। उम्मीद है कि पखवाड़े भर में खानक में कार्य शुरू कर दिया जाएगा। व्यापार मंडल के प्रधान जोगेंद्र मलिक ने खानक में खनन कार्य के टेंडर जारी करने के लिए सीएम मनोहरलाल का आभार व्यक्त किया है।