सामर्थ्य सांगवान आस्ट्रेलिया में आयोजित पिस्टल स्पर्धा के दौरान बाकी विजेता खिलाड़ियों के साथ।
भिवानी। जिले से पारिवारिक जुड़ाव रखने वाले 12 वर्षीय सामर्थ्य सांगवान ने ऑस्ट्रेलिया में आयोजित जूनियर 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी इस उपलब्धि से परिवार और खेल जगत में खुशी का माहौल है।
कोच प्रदीप बेनीवाल ने बताया कि प्रतियोगिता उच्च स्तर की थी लेकिन सामर्थ्य ने दबाव के बीच भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में यह सफलता सामर्थ्य की तकनीकी समझ, अनुशासन और मानसिक मजबूती को दर्शाती है जो भविष्य में बड़े मंचों पर सफलता का मजबूत आधार बनेगी।
उन्होंने बताया कि सामर्थ्य सांगवान का पारिवारिक संबंध भिवानी के इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र से है। उनके दादा सज्जन सांगवान ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार को सामर्थ्य पर गर्व है और बचपन से ही उसे मेहनत व अनुशासन के संस्कार दिए गए हैं। सामर्थ्य समय-समय पर भारत आकर भिवानी स्थित लक्ष्य स्पोर्ट्स शूटिंग अकादमी में अभ्यास करते हैं जहां उन्हें पूर्व सूबेदार और अनुभवी कोच प्रदीप बेनीवाल का मार्गदर्शन प्राप्त होता है।