भिवानी। प्री मानसून की दस्तक में ही शहर के अंदर जलभराव से निजात के प्रबंधों की पोल खुल गई। प्री मानसून की पहली बारिश में ही शहर की सड़कें धंस गई। शनिवार देर शाम तक शहर में 12 एमएम बारिश दर्ज की गई। जिससे शहर के निचले इलाकों में बारिश का पानी भर गया। कई इलाकों में रविवार सुबह तक पानी की निकासी की गई। जिन बरसाती नालों की नगर परिषद के ठेकेदार ने सफाई कराकर कचरा बाहर डलवा दिया था, बारिश के बाद ये कचरा भी बहकर वापस नालों में चला गया। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने बारिश से पहले ही बरसाती पानी की निकासी के पुख्ता प्रबंधों का दावा किया था, उनकी पहली बारिश में ही पोल खुल गई।
शनिवार शाम को अचानक ही मौसम बिगड़ा और शहर में तेज बारिश शुरू हो गई। शनिवार देर शाम व रविवार सुबह शहर में 12 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसी तरह तोशाम में 4.2 एमएम बारिश हुई। बहल में 6 एमएम बारिश हुई। बारिश की वजह से निचले इलाकों में बारिश का पानी जमा हुआ। हाल ही में शहर के अंदर अमरूत योजना के तहत पाइपलाइन डालने के लिए तोड़ी गई सड़कें भी धंस गई। शहर के रेस्ट हाउस से बीटीएम चौक और बीटीएम चौक से जाट धर्मशाला तक सड़क कई जगह से धंस गई। इसी सड़क पर एक जगह ट्रक और एक जगह निर्माण सामग्री से भरा ट्रैक्टर ट्राली भी फंस गई। शहर के सरकुलर रोड पर भी कई जगह सड़क धंसी। दिनोद गेट से जोगीवाला मंदिर की तरफ जाने वाली सड़क पेट्रोल पंप के सामने धंस गई, जहां हादसों से बचाव के लिए पेट्रोल पंप कारिंदों ने ईंटें लगाकर उस जगह को सुरक्षित कर दिया। सड़क के बीचोंबीच एक सुराग बन गया, जिसमें सड़क भी काफी गहराई तक धंसी थी। इसी तरह हनुमान गेट और दादरी गेट क्षेत्र में भी सड़कें बारिश की वजह से धंसी। सड़कें धंसने से संबंधित मार्गों का रखरखाव करने वाले विभागों को भी मोटी चपत लग गई। हालांकि जिन हिस्सों में अमरूत के तहत सड़कें पाइपलाइन डालने के लिए तोड़ी थी। इनका निर्माण भी बारिश से पहले कराया जाना था, मगर अब इनकी हालत मानसून से पहले नहीं सुधरेगी।
नालों की सफाई हुई नहीं, की प्री मानसून की दस्तक बन गई आफत
शहर के अंदर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और नगर परिषद की हद में आने वाले बरसाती नालों की सफाई का काम शुरू ही हुआ था कि प्री मानसून की दस्तक आफत बन गई। शनिवार शाम और रविवार सुबह हुई बारिश में शहर के अंदर जिन नालों की सफाई कर कचरा बाहर डाला गया था वो सारा कचरा वापस नालों में ही पहुंच गया है। इन नालों की हालत में तनिक भी सुधार नहीं हुआ। नालों की सफाई के बावजूद भी निचले इलाकों में बरसाती पानी ठहराव होने से जलभराव के हालात बने।
बारिश में गुल हुई बिजली, रविवार तक बहाल हुए कई इलाके
शनिवार देर शाम तक हुई बारिश की वजह से शहर के अंदर कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति गुल हो गई। कई क्षेत्रों में तो बिजली आपूर्ति रविवार सुबह तक बहाल हो पाई। इस वजह से लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। निगम कर्मचारियों की मानें तो कई जगह तार टूटे तो कई जगह बिजली लाइनों के जंपर उड़ गए।
वर्जन:::
अमरूत योजना के तहत जिन हिस्सों में काम हुआ है, अभी उन पर पक्की सड़क नहीं बनाई गई हैं। बारिश के दौरान जो सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उनकी जल्द रिपेयरिंग करा दी जाएंगी।
- कृष्ण कुमार, कार्यकारी अभियंता बीएंडआर विभाग।
वर्जन:::
भिवानी में 12एमएम बारिश हुई है। इस समय हुई बारिश फसलों के लिए भी काफी फायदेमंद हैं। इस बार मानसून जुलाई के प्रथम सप्ताह में ही आ जाएगा। किसानों को भी फसलों के बारे में एडवाइजरी जारी की गई है।
-डॉ. आत्माराम गोदारा, कृषि उपनिदेशक भिवानी।