भिवानी। दोस्त के घर की छत पर बैठकर पढ़ाई कर रहे 11वीं कक्षा का छात्र 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। किशोर को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद औद्योगिक थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया। हादसा शनिवार शाम छह बजे का है।
पुलिस ने रविवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया और परिजनों को बयान पर इत्तफाकिया की कार्रवाई की। औद्योगिक थाना पुलिस को दिए बयान में कोंट रोड शांति नगर कॉलोनी डॉग फार्म के पास निवासी राजू ने बताया कि उसके दो लड़के और एक लड़की है। उसकी बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि उसका बड़ा और छोटा बेटा पढ़ाई कर रहा है। उसका बेटा साढ़े 17 साल का सूरज पड़ोस में ही अपने दोस्त अंकित के घर शनिवार शाम छह बजे पढ़ाई करने के लिए गया हुआ था। दोनों दोस्त घर की छत पर बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। जब सूरज छत पर उठा तो उसकी पीठ वहां से गुजर रही 11 केवी लाइन तार को छू गई। जिससे उसे तेज झटका लगा और वह गंभीर रूप से झूलस गया। परिजन उसे लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कई घरों की छतों पर मंडरा रहा 11 केवी लाइन से मौत का खतरा
जिस जगह ये हादसा हुआ वहां छत से इलेवन केवी लाइन महज ढाई फीट ऊपर से गुजर रही थी। यहां हादसे का अंदेशा तो पहले से ही था। वहीं आसपास के कई घरों के ऊपर से भी 11 केवी लाइनें जा रही हैं। जहां पर भी रहने वाले लोगों पर मौत का साया मंडरा रहा है। इलाके के पार्षद व अन्य लोगों का कहना है कि 20 से 25 बार इन लाइनों को हटाने के बारे में प्रशासन को शिकायतें दी जा चुकी हैं। दर्जनों बार सीएम विंडो में भी शिकायत लगा चुके हैं, मगर कोई समाधान नहीं हुआ।
मृतक के पिता के बयान दर्ज कर शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। इस संबंध में इत्तफाकिया की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
-उप निरीक्षक सुरेश कुमार, जांच अधिकारी औद्योगिक पुलिस थाना, भिवानी।