एनएचएम कर्मचारियों ने चेताया, वार्ता से हल नहीं किया तो होगा बड़ा आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। एनएचएम कर्मचारियों को नियमित करने, सेवा सुरक्षा देने, वेतन विसंगतियों को दूर करने, सभी कर्मचारियों को सातवां वेतन आयोग का लाभ देने सहित अन्य मांगों को लेकर चल रही कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को भी रही। एनएचएम निदेशक की ओर से वार्ता के प्रस्ताव पर कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि वार्ता से हल नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
एनएचएम कर्मचारियों ने कहा कि अगर विभाग ने उनकी मांगों को पूरा कर दिया तो अपनी हड़ताल को विराम दे देंगे। मांगों को पूरा नहीं किया तो उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा। रविवार को धरने की अध्यक्षता करते हुए संघ के जिला प्रधान प्रदीप कुमार ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों के साथ में वेतन को लेकर भेदभाव किया है। इसे जल्द दूर किया जाए और कैटेगरी के हिसाब से एनएचएम में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों के सर्विस बाइलाज में संशोधन किया जाए। कर्मचारी नेताओं ने उनके संघ के पदाधिकारियों को दिए टर्मिनेट करने के आदेशों पर भी रोक लगाने की मांग की। इस अवसर पर मंजू उप प्रधान, अनिल, पंकज ईएमटी, मोहित, सुमेंद्र लेखा सहायक, सुनील, शर्मीला, सुमिता, सेवन, शिक्षा, सुमन, रिंकल, सविता स्टाफ नर्स आदि एनएचएम कर्मचारी उपस्थित थे।