लोहारू। संभावित जीका वायरस मरीज सामने आने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग और नगरपालिका में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद अधिकारी और कर्मचारी हरकत में आए और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीज की कॉलोनी में घरों के अंदर तक फोगिंग करवाई है। वहीं, डाक्टरों ने कहा कि खून के नमूनों की जांच करवाई गई है, जिनमें जीका वारयस नहीं मिला है। ऐहतियात के तौर पर कॉलोनी में फोगिंग करवाई गई है।
शहर की कोर्ट के साथ लगती कॉलोनी निवासी एक युवक को परिजनों ने संभावित जीका वायरस के चलते गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। वहां पर युवक का इलाज चल रहा है। जीका वायरस की सूचना से शहर के लोग भय का माहौल बन गया। जैसे ही संभावित जीका वायरस की सूचना लोहारू स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मिली तो हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग और नगरपालिका के अधिकारियों ने लोगों में डर का माहौल न बने, इसके लिए तुरंत कॉलोनी में फोगिंग शुरू करवाई। फोगिंग मकानों के अंदर तक की गई है। इस मौके पर नगरपालिका के चेयरमैन दौलतराम सोलंकी, वाइस चेयरमैन कमल सैनी, स्वास्थ्य विभाग एचआई सुमेर सिंह, अजय दहिया, बलवान सिंह मौजूद रहे।
वीरवार को संभावित जीका वायरस के मरीज मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर तुरंत मरीज के खून का नमूना लेकर जांच करवाई गई। जांच में जीका वायरस नहीं होने की पुष्टि हुई है। उसके बाद भी एहतियात के तौर पर कॉलोनी में फोगिंग करवाई गई है। अगर किसी भी व्यक्ति को जोड़ों में दर्द, आंख लाल और बुखार होने की शिकायत हो तो तुरंत चिकित्सक से जांच करवाए।