फरमाणा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से परीक्षा में नकल करते छात्र को बोर्ड सचिव ने पकड़ा
नकल पर अंकुश के लिए रोहतक दौरे पर निकले बोर्ड सचिव ने परीक्षा केंद्र में पकड़ी हाइटेक नकल
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक/भिवानी।
स्कूलाें में साल भर पढ़ाई से बचते रहे ज्यादातर परीक्षार्थी अब नकल में दिमाग लगा रहे हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के नकल रहित परीक्षा कराने के कड़े प्रबंधों व दावों के बावजूद नकल रुकने का नाम नहीं ले रही है। नकलची नकल के नए-नए तरीके आजमा रहे हैं। इसमें हाइटेक तरीके ज्यादा इस्तेमाल हो रहे हैं। परीक्षा कें दौरान खुद बोर्ड सचिव ने फ्लाइंग ड्यूटी के दौरान फरमाणा में एक छात्र को हाइटेक तरीके से नकल करते पकड़ा। छात्र फट्टे (एग्जाम बोर्ड) में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस फिट करके नकल कर रहा था। इसमें एक सिम भी मिला है। उड़नदस्ते को शक है कि परीक्षार्थी ने डिवाइस परीक्षा केंद्र के बाहर किसी से कनेक्ट रखा। किलोई में भी प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया है, लेकिन अधिकारी इस मामले की पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
शुक्रवार को परीक्षा के दौरान शिक्षा बोर्ड सचिव का उड़नदस्ता फरमाणा परीक्षा केंद्र पहुंचा। यहां उन्हें एक परीक्षा पर नकल करने का संदेह हुआ। इसके चलते उसकी जांच की। इस दौरान उसे प्लाई से बने मोटे फट्टे में गड़बड़ी सामने आई। छात्र ने फट्टे में एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपाया हुआ था। इसमें लगी सिम के जरिए वह परीक्षा केंद्र के बाहर से प्रश्नों के जवाब उत्तर पुस्तिका में लिख रहा था। उड़न दस्ते में शामिल सहायक अमरजीत यादव व जितेंद्र ने मामला सामने आते ही छात्र को दबोच लिया। अमरजीत का कहना है कि फट्टे की मोटाई कुछ ज्यादा होने की वजह से उन्हें शक हुआ। गहनता से जांच करने पर फट्टे से उपकरण मिला। फट्टे के चारों ओर टेप चिपका हुई थी। टेप हटाने पर मामला खुला। बोर्ड सचिव उड़नदस्ते ने महम, मदीना, फरमाना के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उड़न दस्ते ने नकल के कुल 28 केस बनाए।
--
452 को नकल करते हुए पकड़ा
प्रदेशभर में चल रही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सेकेंडरी (शैक्षिक, रि-अपीयर व मुक्त विद्यालय) सामाजिक विज्ञान विषय एवं सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक, रि-अपीयर व मुक्त विद्यालय) आईटीईएस (सूचना प्रौद्योगिकी) विषय की परीक्षा में शुक्रवार को नकल के 452 मामले दर्ज किए गए। प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड अध्यक्ष के विशेष उड़नदस्तों ने अंबाला, भिवानी, फतेहाबाद, हिसार, जींद, करनाल, महेंद्रगढ़, पंचकूला, सिरसा, सोनीपत, नूंह एवं चरखी दादरी के परीक्षा केंद्रों में नकल के 69 केस पकड़े और बोर्ड सचिव के विशेष उड़नदस्तों द्वारा सभी जिलों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें जिला भिवानी, हिसार, जींद, कुरूक्षेत्र, पंचकुला, रोहतक, नूंह, पलवल एवं चरखी दादरी के परीक्षा केंद्रों में नकल के 27 केस पकड़े। उन्होंने बताया कि रैपिड एक्शन फोर्स ने 21 केस पकड़े तथा अन्य उड़नदस्तों द्वारा नकल के 301 मामले दर्ज किए गए।