अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
तीन दिवसीय नाटयोत्सव के दूसरे दिन परिंदे नाटक गु्रप चरखी दादरी के विजय तेंदुलकर द्वारा लिखित नाटक विठ्ठला की प्रस्तुति दी गई। दमदार अभिनय से कलाकारों ने दर्शकों को प्रभावित किया
रविवार को यहां पंडित नेकीराम शर्मा पुस्तकालय के सभागार में हरियाणा नाटय कला परिषद चंडीगढ़ व मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर कुरुक्षेत्र के तत्वावधान में गायत्री थियेटर ग्रुप की तरफ से मंचित नाटक में कलाकारों ने कोरी भक्ति को छोड़कर कर्म को महत्व देने का संदेश देते हुए दर्शकों का मन मोह लिया। नाटक के दौरान भूत और भगवान की अवधारणा पर करार व्यंग्य देखने को मिला। समाजसेवी अनुज कुमार और डॉ. एलबी गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस नाटक का निर्देशन विश्वास चौहान ने किया। कार्यक्रम के समापन के असर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुज कुमार और डॉ. एलबी गुप्ता ने कलाकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। गायत्री थियेटर ग्रुप के संचालक रवि शर्मा, उत्कृष्ट कला मंच के अध्यक्ष डॉ. एलबी गुप्ता और डॉ. रामोतार शर्मा ने सभी अतिथियों और रंगकर्मियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन शमशेर सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. अलका शर्मा, डॉ. कविता शर्मा, डॉ. पवन मित्तल, डॉ. वीएन यादव, डॉ. रणधीर सिंह, डॉ. सत्यवीर सिंह, डॉ. करन पूनिया, डॉ. वंदना पूनिया, रंगकर्मी मनीष जोशी, राजेश शर्मा, पुलकित आर्य समेत अनेक लोग मौजूद थे।