अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। पुलवामा आतंकी हमले के विरोध में लोगों का रोष सोमवार को जारी रहा। विरोध के बीच शहीद परिवारों की आर्थिक मदद के लिए भी हाथ उठे। राजीव गांधी महिला कॉलेज की छात्राओं ने 11 हजार रुपये चंदा एकत्रित किया। वहीं सेवानिवृत्त फौजी और अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज परमजीत समोता के पिता प्रदीप समोता ने अपनी एक माह की पेंशन और बेटे की एक माह का वेतन का 81 हजार रुपये का चेक शहीद परिवारों की मदद के लिए एडीसी संगीता तेतरवाल को दिया। व्यापारियों ने भी बैठक कर सभी मार्केट प्रधानों की शहीदों की सहायता के लिए राशि एकत्रित करने की जिम्मेवारी लगाई गई।
राजीव गांधी महिला कॉलेज में बेटियों की शुरूआत
राजीव गांधी महिला कॉलेज की छात्राओं ने प्रधान मोनिका जांगड़ा के नेतृत्व में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों की आर्थिक मदद के लिए अभियान चलाया। सबसे पहले प्रिंसिपल से चंदा लिया और फिर सभी छात्राओं और स्टाफ सदस्यों ने चंदा एकत्रित किया। करीब 11 हजार रुपये की राशि चंदे के रूप में जुटाई गई। प्रधान मोनिका जांगड़ा ने बताया कि छात्राओं ने दो घंटे अभियान चलाया है। मंगलवार को भी चंदा एकत्रित करने का अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर उपप्रधान दीपिका, सीआर प्रीति, आरती, महक, अंजली, शम्मा आदि मौजूद रही।
शहीदों की बदौलत है हम : प्रदीप समोता
अपनी एक माह की पेंशन और बेटे अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज डीएसपी परमजीत समोता की एक माह की तनख्वाह का 81 हजार रुपये का चेक शहीदों के नाम एडीसी संगीता तेतरवाल को सौंपते हुए सेवानिवृत्त फौजी प्रदीप समोता ने कहा कि हम शहीदों और सैनिकों की बदौलत ही सुरक्षित हैं। आजादी से सांस ले रहे है। सभी को शहीदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।