134-ए : आज घोषित होगा 4258 बच्चों का परिणाम
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
नियम 134 ए के तहत अपने मन पसंद स्कूल में दाखिला लेने वाले बच्चों का आज वीरवार को परिणाम घोषित होगा। विभाग द्वारा 10 बजे तक सभी बच्चों का कक्षा के अनुसार परिणाम बीईओ ऑफिस के नोटिस बोर्ड पर चस्पा दिया जाएगा और इसके बाद प्राइवेट स्कूलों में दाखिले के लिए नाम की लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
गौर हो कि 15 अप्रैल को प्राइवेट स्कूलों की 2430 सीटों के लिए 4258 बच्चों की परीक्षा दी थी। बुधवार को बीईओ ऑफिस नोडल अधिकारी अशोक गाबा ने बताया कि सभी बच्चों के पेपर चेक होने के बाद रिजल्ट तैयार हो गया है और वीरवार को बच्चों का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। इसके पश्चात बच्चों के अंकों के अनुसार स्कूलों में दाखिले के लिए लिस्ट जारी कर दी जाएगी। बच्चों द्वारा दी परीक्षा के अनुसार ही परिणाम प्राप्त होगा। जिसमें उनके रिजल्ट के अनुसार ही प्राइवेट स्कूल में दाखिला मिल पाएगा। शहर के 144 स्कूलों ने 2430 सीटें शिक्षा विभाग को सौंपी थी, जिसके लिए 4258 बच्चों ने परीक्षा दी। परिणाम के बाद 1828 बच्चों को मायूस होना पड़ सकता है।
--
सभी बच्चों के पेपर चेक हो चुके हैं। वीरवार को बच्चों का 10 बजे के बाद परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। सरकारी स्कूलों के बच्चों के प्रोग्रेस कार्ड न मिलने के कारण दो दिन परिणाम घोषित नहीं हो पाए। वीरवार को प्रोग्रेस कार्ड देने के लिए स्कूलों को नौ बजे का समय दिया गया है, जिनके मिलने के बाद परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
अशोक गाबा, नोडल अधिकारी, बीईओ ऑफिस