स्वर्ण जयंती समारोह में चुन्नी अंदर और बीड़ी बाहर
भिवानी। दो दिन पहले सीएम के कार्यक्रम में काले रंग की चुनरी पहनने वाली महिलाओं की चुनरी मेन गेट पर उतरवाने के बाद चौतरफा आलोचना झेलने के बाद पुलिस प्रशासन बैकफुट पर आ गया। सोमवार को राज्यपाल के कार्यक्रम में बेरोकटोक महिला-पुरुष काले रंगे के वस्त्र पहनकर कार्यक्रम में पहुंचे। वहीं राज्यपाल के कार्यक्रम में बीड़ी-माचिस रखने वाले पुलिस के निशाने पर रहे। पुलिस ने हर शख्स की जेब टटोली और बीड़ी-माचिस को चेक प्वाइंट के पास रखवा दिया। जिससे बीड़ी और माचिस का ढेर लग गया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद पहले पहुंचने वाले लोग कई-कई बीड़ी और माचिस लेकर गए।
उल्लेखनीय है कि राज्यस्तरीय तीन दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह के उद्घाटन मौके पर मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर मुख्य अतिथि थे। इस कार्यक्रम में आने वाली महिलाओं की काले रंग की चुनरी व बैग पुलिस ने मेन गेट के पास रखवाने के बाद ही एंट्री दी थी। बड़ी संख्या में महिलाओं को बिना चुनरी के कार्यक्रम में बैठना पड़ा। इसके बाद पुलिस प्रशासन की इस कदम की चौतरफा निंदा हुई। नेता प्रतिपक्ष व इनेलो नेता अभय चौटाला व कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी समेत कई नेताओं ने शासन और प्रशासन की खिंचाई की।
सोमवार को चेक प्वाइंट पर नजारा बदला दिखा। दो दिन पहले जो पुलिस कर्मचारी काले रंग पर नजर गड़ाए थे, आज इस रंग के वस्त्र व अन्य चीजों को नजर अंदाज करते दिखे। यहां तक की, सिर पर काले रंग का गमछा (तौलिया) ओढे व्यक्ति को भी नहीं टोका गया। बड़ी संख्या में महिलाएं काले वस्त्र व चुनरी पहने कार्यक्रम में पहुंची।