भिवानी। जिले में एक जुलाई से 30 सितंबर तक 11 अनधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त कर 65.5 एकड़ क्षेत्र मुक्त कराया गया। बुधवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक में डीसी साहिल गुप्ता ने अनधिकृत निर्माण पर लगातार निगरानी रखते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीसी ने नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माण पर लगातार निगरानी रखने को कहा। उन्होंने अवैध निर्माण हटाने के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और संबंधित विभागों के कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि कार्रवाई प्रभावी ढंग से पूरी हो सके। बिजली निगम को अनधिकृत कॉलोनी क्षेत्र में बिजली कनेक्शन नहीं देने को भी कहा।
एक अनधिकृत संरचना भी ध्वस्त : बैठक में डीसी ने बताया कि उक्त अवधि में 11 ध्वस्तीकरण अभियान चलाए गए। इनमें 11 अनधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त कर 65.5 एकड़ क्षेत्र मुक्त कराया गया, जबकि एक अनधिकृत संरचना को भी ध्वस्त किया गया। बैठक में सीटीएम अनिल कुमार, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, जिला नगर योजनाकार जयदीप खरब सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।