भिवानी। कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार जानलेवा साबित होता जा रहा है। मंगलवार को एक वरिष्ठ भाजपा नेता की बेटी भी कोरोना वायरस के संक्रमण का शिकार हुई और उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मंगलवार को पांच महिलाओं, एक युवती समेत 11 लोगों ने दम तोड़ा। यह जिले में एक दिन में रिकॉर्ड मौत दर्ज की गई। 145 नए कोरोना संक्रमित भी सामने आए। जिले में अब तक 191 कोरोना संक्रमित दम तोड़ चुके हैं। जिनमें से 49 अकेले इसी अप्रैल माह के 27 दिनों में सामने आए हैं। अब तक जिले में 9109 कोरोना संक्रमित सामने आ चुके हैं। जिनमें से 7645 ठीक हो चुके हैं। अब जिले में 1271 एक्टिव केस हैं।
जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। पिछले 13 दिनों में 2174 कोरोना संक्रमित सामने आ चुके है। पिछले 13 दिनों में 29 लोग भी अपनी जान गंवा चुके हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले में अप्रैल माह अब तक खासा खतरनाक साबित हुआ है। इस माह के 27 दिनों के दौरान अब तक 2677 कोरोना संक्रमित सामने आ चुके हैं। यानी औसतन हर रोज 100। हालांकि यह स्थिति पिछले 13 दिन में ज्यादा खतरनाक बनी है। इसके अलावा पिछले 27 दिनों में 49 संक्रमित लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इन 13 दिनों में 46 संक्रमितों ने अपनी जान भी गंवाई है यानी औसतन हर रोज लगभग चार लोगों की मौत।
इन्होंने तोड़ा दम
- भाजपा नेता की बेटी : वरिष्ठ भाजपा नेता की करीब 29 वर्षीय बेटी कोरोना वायरस के संक्रमण का शिकार हुई। करीब सप्ताहभर पूर्व उनकी तबीयत अचानक खराब हुई। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया। उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। कोविड-19 सुरक्षा नियमों के अनुसार शव का अंतिम संस्कार किया गया।
- कायला के 33 वर्षीय व्यक्ति : कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण कायला गांव वासी करीब 33 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। उसे 22 अप्रैल को बुखार हुआ। जिसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहां 25 तक दाखिल रहा। सेहत में सुधार न होने पर परिजन उन्हें एक अन्य निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। बाद में सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। 26 अप्रैल को सुबह करीब पौने दो बजे व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
- दुर्गा कॉलोनी के बुजुर्ग : दुर्गा कॉलोनी के करीब 76 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बुखार होने पर 15 अप्रैल को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। 20 अप्रैल को ठीक होने पर परिजन उन्हें वापस घर ले आए। 26 अप्रैल को तबीयत खराब होने पर परिजन सामान्य अस्पताल लाए। जहां कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सामान्य अस्पताल में उपचार के दौरान ही दम तोड़ दिया।
- सूई के व्यक्ति : सूई गांव का करीब 45 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना से जिंदगी की जंग हार गया। व्यक्ति की 16 अप्रैल को तबीयत खराब हुई। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। 26 अप्रैल को उपचार के दौरान दोपहर के समय व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
- 75 वर्षीय महिला : बंसीलाल पार्क क्षेत्र की करीब 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महिला की तबीयत खराब होने पर परिजन उन्हें पीजीआई लेकर पहुंचे थे। जहां 24 अप्रैल की रात करीब साढ़े 11 बजे दम तोड़ा। पोर्टल से मंगलवार को इसकी सूचना आई।
- बिचला बाजार की महिला : बिचला बाजार क्षेत्र की करीब 64 वर्षीय महिला ने हिसार के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महिला को हार्ट संबंधित समस्या भी थी। 24 को उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। 25 अप्रैल को उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां देर रात करीब 12 बजे उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
- बुखार के बाद महिला ने तोड़ा दम : देवसर वासी करीब 60 वर्षीय महिला ने बुखार के बाद दम तोड़ दिया। 24 को उन्हें बुखार और सांस लेने में तकलीफ हुई थी। जिसके बाद उन्हें पहले निजी अस्पताल, फिर सामान्य अस्पताल और बाद में पीजीआई रोहतक ले जाया गया। जहां 24 अप्रैल की शाम महिला ने दम तोड़ दिया। भिवानी की 24 वर्षीय महिला ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
- बापोड़ा की महिला ने तोड़ा दम : बापोड़ा की करीब 66 वर्षीय महिला की मौत की भी सूचना आई है। महिला को पहले निजी और फिर सामान्य अस्पताल ले जाया गया। 25 अप्रैल की रात करीब साढ़े नौ बजे महिला ने दम तोड़ दिया।
- कोंट रोड वासी व्यक्ति ने तोड़ा दम : कोंट रोड वासी करीब 60 वर्षीय व्यक्ति ने भी कोरोना संक्रमण के चलते दम तोड़ दिया। व्यक्ति की 22 अप्रैल को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उन्हें हार्ट संबंधित समस्या भी थी। हिसार के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
- सांस में दिक्कत के बाद तोड़ा दम : लाजपत नगर खरकड़ी फाटक क्षेत्र वासी 61 वर्षीय व्यक्ति ने अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उन्हें 22 अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और 26 अप्रैल की शाम करीब साढ़े पांच बजे दम तोड़ा।
तिथि संक्रमित मौत
21 अप्रैल 211 06
22 अप्रैल 259 02
23 अप्रैल 142 04
24 अप्रैल 168 05
25 अप्रैल 172 02
26 अप्रैल 253 02
27 अप्रैल 145 11
वर्जन:::
कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार फैल रहा है। ऐसे में जरूरी है कि लोग सावधानी रखें। लोग घर में ही रहकर सावधानी रखें और खाने-पीने का ध्यान रखें। रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली फल-सब्जियों का सेवन करें। कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करें। मास्क लगाएं और सामुदायिक दूरी का ध्यान रखें। जहां तक जरूरी न हो भीड़भाड़ के क्षेत्रों में जाने से बचें।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन