लोहारू। अखिल भारतीय किसान सभा लोहारू की बैठक में किसानों ने अपनी मांगों व समस्याओं पर विचार विमर्श किया। बैठक की अध्यक्षता किसान सभा के प्रधान राम सिंह शेखावत ने की। देश अध्यक्ष मा. शेर सिंह ने कहा कि देश भर के 200 से अधिक किसान संगठन अपनी मांगों को लेकर अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के आह्वान पर आगामी 29 व 30 नवंबर को किसान मुक्ति यात्रा निकाल कर दिल्ली में संसद पर कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों ने आम राय से किसान कर्जा मुक्ति विधेयक 2018 और कृषि उत्पादों के लिए गारंटी कृत न्यूनतम समर्थन किसान अधिकार विधेयक 2018 संसद में भेजकर पास करवाने की मांग की थी लेकिन सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन विधेयकों को पास करवाने के लिए देश भर के किसान 29 नवंबर को दिल्ली में चारों दिशाओं से संसद की तरफ कूच करेंगे व रात को एक शाम किसानों के नाम सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। जिला प्रधान ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि इसके लिए जिला व तहसील स्तर पर टीमें बनाई गई है तथा रैली व संसद कूच को सफल बनाने के लिए गांवों में जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश सचिव बलबीर ठाकन, राजबीर सेहर, सूबेदार शीशराम, रोहताश झुंप्पा, धर्मपाल, रामप्रताप झांझड़ा, मा. रामसिंह बिसलवास, नागरमल, ईश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।