हड़ताल से चरमराई शहर की सफाई व्यवस्था, लगे कूड़े के ढेर
भिवानी। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल की हड़ताल के दूसरे दिन पूरे शहर में गंदगी के ढेर लग गए। बाजार में लगे गंदगी के ढेर से दुर्गंध फैलनी शुरू हो गई है। शहर में 100 से अधिक जगहों पर गंदगी के बड़े ढेर लगे हैं। हड़ताल के मद्देनजर वैकल्पिक इंतजाम न करने की वजह से समस्या और विकराल रूप ले सकती है। उधर, हड़ताली कर्मचारियों ने शहर के बाजारों से होते हुए विधायक के घर का घेराव किया और अपनी मांगों का मांग पत्र सौंपा।
नगर पालिका कर्मचारी की हड़ताल के दूसरे दिन शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई। शहर के चौक-चौराहे, गली-कॉलोनी, बाजारों में गंदगी के ढेर लग गए हैं। शहर कोई भी ऐसा चौक नहीं बचा जहां गंदगी के ढेर न लगे हों। वही कई दुकानदारों ने तो दुर्गंध से बचने के लिए अपनी दुकानों को ही ताला लगा दिया है।
सर्राफा बाजार गंदगी से भरा
शहर का सर्राफा बाजार भग्गनपुरी चौक व बाजार पूरी तरह से गंदगी से भर गया है।। दुर्गंध बचने के लिए दुकानदारों को मजबूरन मुंह पर कपड़ा बांध कर काम करना पड़ रहा है। दिनभर चौक से लोगों का आना जाना रहता है लेकिन गंदगी के कारण आसपास के दुकानदारों के ग्राहक भी वापस लौट रहे हैं। बर्तन बाजार के चौक पर गंदगी न उठने पर आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकाने बंद कर दी हैं। दुकानदार मुकेश, राजू, शंकर, सुरेद्र राधे ने बताया कि बाजार में जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए हैं। न तो दो दिन से कोई कर्मचारी इसे उठाने आया और न ही कोई अधिकारी देखने के लिए। पिछले दो दिन से कई बार संबंधित विभाग को शिकायत दे चुके हैं लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई।
फोटो :
--
सरकुलर रोड पर गंदगी का अंबार
सरकुलर रोड पर 25 से अधिक ऐसे प्वाइंट हैं, जहां गंदगी के ढेर लगे हैं। घंटाघर से आगे कृष्णा कॉलोनी मोड़ पर गंदगी का ढेर इतना बढ़ गया है कि राहगीरों की आवाजाही भी बाधित होने लगी है। कृष्णा कॉलोनी में तो लोग यहां काम करते थे, वहीं साथ ही गंदगी के ढेर जमा हो गए हैं। रखे गए कूड़ेदानों से गंदगी बाहर निकलनी शुरू हो गई है।
100 जगहों पर लगे गंदगी के ढेर
शहर के हांसी रोड, दादरी गेट, रोहतक गेट, घंटाघर सहित बाजारों में 100 से भी अधिक गंदगी के ढेर लग चुके हैं। व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
दो दिन से कोई भी कर्मचारी यहां पर दिखाई नहीं दिया, दुकान के सामन गंदगी का बड़ा ढेर लग चुका हैं। प्रशासन कोई भी कार्यवाही नहीं कर रहा। डिजिटल मीडिया व अन्य एप का सहारा ले चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती।
मुकेश अंचल, सराफा बाजार
दुकान के सामने गंदगी लगने से मुंह पर कपड़ा बांधकर का रहना पड़ रहा है। कोई भी ग्राहक यहां पर आने से कतरा रहा हैं, सुबह से न तो कोई कारोबार हुआ और न ही कोई ग्राहक दुकान पर पहुंचा।
रामचंद्र बेरीवाला, सराफा बाजार
हड़ताली कर्मचारियों की गैर हाजिरी लगाकर भेज दी गई है और ठेकेदार से बात हो चुकी है। ठेकेदार जल्दी ही कर्मचारियों को काम पर लगाएगा। आज भी कई रुके हुए कार्य किए गए हैं। जल्दी ही कर्मचारियों से कर्मचारियों को लगाकर शहर का कूड़ा उठवाया जाएगा।
राजेश महता, सचिव, नगर परिषद