भारत केसरी दंगल आज, देश के 80 नामी पहलवान भिड़ेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
तीसरे दो करोड़ी भारत केसरी मुकाबले के लिए दंगल तैयार हो गया है। तीन दिन चलने वाले इस दंगल में रेलवे समेत आठ राज्यों के 80 महिला व पुरुष पहलवान भिड़ेंगे। बुधवार को मेजबान हरियाणा के पहलवानों का मुकाबला पंजाब व महाराष्ट्र के मल्लों से होगा। ‘दंगल गर्ल’ गीता फौगाट व उनकी दो बहन ऋतू व संगीता आकर्षण का केंद्र होंगी। पहले दिन 60 मुकाबले होंगे। राज्यपाल दंगल का शुभारंभ करेंगे।
शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस पर होने वाले भारत केसरी दंगल के पहले दिन पंजाब और महाराष्ट्र के साथ हरियाणा के पहलवानों का मुकाबला होगा। दंगल में हरियाणा, महाराष्ट्र, रेलवे, राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पंजाब की टीमें भाग लेंगी। लगभग सभी टीमों के खिलाड़ी भिवानी पहुंच गए हैं, लेकिन महाराष्ट्र के खिलाड़ी मंगलवार को नहीं पहुंच पाए। उनके सुबह पहुंचने की उम्मीद है। मुकाबलों से इससे पहले रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सूफी गायक हंसराज हंस के बेटे युवराज हंस और हरियाणी गायक गजेंद्र फौगाट अपनी प्रस्तुति देंगे।
--
ये रहेगा मुकाबलों का शेड्यूल
कुश्ती के लिए ए और बी पूल बनाए गए हैं। मैट नंबर एक पर पुरुष और मैट नंबर दो पर महिला पहलवानों के बीच मुकाबले होंगे। पूल ए में महाराष्ट्र और हरियाणा के पहलवानों के बीच मैट नंबर एक पर पुरुष वर्ग के 57 किग्रा, 65 किग्रा, 74 किग्रा, 86 किग्रा और 97 किग्रा से अधिक भार वर्ग के बीच और इसके साथ-साथ ही मैट नंबर दो पर 50 किग्रा, 57 किग्रा, 62 किग्रा, 68 किग्रा और 72 किग्रा से अधिक भार वर्ग की महिला पहलवानों के बीच मुकाबले होंगे। सभी पूल में महिला और पुरुष पहलवानों के बीच इसी प्रकार से भार वर्ग में मुकाबल होंगे। पूल बी में रेलवे और राजस्थान के महिला और पुरुष पहलवानों के बीच कुश्ती होंगी, जो कि मैट नंबर एक पर पुरुष और मैट नंबर दो पर महिला पहलवानों के बीच कुश्ती देखने को मिलेंगी।
पूल ए में पंजाब और उत्तर प्रदेश के पहलवानों के बीच मुकाबले देखने को मिलेंगे। इसमें मैट नंबर एक पर पुरुष और मैट नंबर दो पर महिला पहलवानों के बीच मुकाबले होंगे। पूल बी में मध्य प्रदेश और दिल्ली के महिला एवं पुरुष पहलवानों के बीच कुश्ती होंगी। पूल ए में हरियाणा और पंजाब के पुरुष और महिला पहलवानों के बीच कुश्ती देखने को मिलेगी। पूल बी में रेलवे और मध्य प्रदेश के महिला एवं पुरुष पहलवानों के बीच मुकाबले होंगे। पूल ए में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की महिला एवं पुरुष पहलवानों के बीच मुकाबला होगा। पूल बी में राजस्थान और दिल्ली के महिला और पुरुष पहलवानों के बीच मुकाबले होंगे। प्रत्येक पूल में महिला और पुरुष के पांच-पांच मैच होंगे।