धर्मशाला निर्माण को लेकर विवाद के बाद गांव में तनाव
बवानीखेड़ा। गांव लोहारी जाटू में धर्मशाला निर्माण को लेकर दो पक्षों में दिनभर विवाद होने के बाद दिनभर पुलिस बल तैनात रहा। मंगलवार रात को झगड़े में एक युवक के घायल होने के विरोध में बुधवार को एक पक्ष के लोगों ने हांसी-भिवानी मार्ग पर जाम लगा दिया। गांव में तनाव के बाद डीएसपी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर गांव में दिनभर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
उल्लेखनीय है कि एक पक्ष ने बताया कि धर्मशाला निर्माण होने के बाद उनके दूषित पानी की निकासी बंद हो जाएगी। इस मामले को लेकर बवानीखेड़ा के नायब तहसीलदार राजेन्द्र कुमार ने मंगलवार को जमीन की निशानदेही की थी। दोनों पक्षों के बीच तनाव कारण भारी पुलिस बल की मौजूदगी लोहारी जाटू गांव में तैनात रही। डीएसपी जगत मोर, थाना प्रभारी देसराज दहिया और तोशाम व भिवानी से रिजर्व पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। डीएसपी ने जाम लगा रहे ग्रामीणों को समझाया और जाम खुलवाया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों ने थाना परिसर बवानीखेड़ा में पंचायत की। थाना परिसर में धर्मशाला निर्माण को लेकर उपजे विवाद का पंचायत में समझौता हो गया। थाना प्रभारी देसराज दहिया ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों के कारण मामले को बेवजह तूल दिया गया था। पंचायत के जिम्मेदार लोगों ने थाना परिसर में दोनों पक्षों का आपसी मनमुटाव खत्म कर समझौता कर लिया है।