सुकेश कुमार बने हेमसा के जिला अध्यक्ष
भिवानी। हरियाणा एजूकेशन मिनिस्ट्रियल स्टाफ (हेमसा) का 14वां प्रतिनिधि सम्मेलन शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन हेमसा की प्रांतीय उपाध्यक्षा शर्मिला हुड्डा ने किया। इस मौके पर चुनाव पर्यवेक्षक ऋषिराम शर्मा, सुखदर्शन सरोहा, यादविरेंद्र शर्मा की देखरेख में आगामी 3 वर्षों के लिए जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया।
कार्यकारिणी में सुकेश कुमार को प्रधान, राजेश लांबा वरिष्ठ उपप्रधान, सह देव सिंह सचिव, गीता शर्मा व सत्यादेवी उपप्रधान, कृष्ण रूपाना सहसचिव, मनोज भालोठिया संगठन सचिव, कमल सरोहा ऑडिटर, सुरेंद्र दहिया प्रेस सचिव, कप्तान सिंह, कर्मबीर सिंह व राजेश कुमार को सर्वसम्मति से सलाहकार निर्वाचित किया गया।
सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान यादविरेंद्र शर्मा ने कार्यकारिणी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई। समेलन में सभी 10 खंडों के प्रधान व सचिव ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में 250 प्रतिनिधि, 40 आब्जर्वर, 20 अतिथि व 10 चुनाव अधिकारियों ने हिस्सा लिया। प्रतिनिधि सम्मेलन में सचिव व कोषाध्यक्ष ने तीन वर्षों के आंदोलन, हड़ताल, रैली, प्रदर्शनों की समीक्षा व आय व्यय की रिपोर्ट प्रस्तुत किया।
17 को शिक्षा मंत्री के आवास का करेंगे घेराव
सम्मेलन में निर्णय लिया गया कि पंजाब के सामान वेतनमान, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, सामान काम समान वेतनमान देने की मांग को लेकर 17 दिसंबर को शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा के निवास पर घेराव किया जाएगा।
हेमसा प्रांतीय अध्यक्ष संदीप सांगवान ने कहा कि जिस समय कांग्रेस की सरकार थी भाजपा ने वादे किए थे कि सरकार बनते ही पहली कलम से कर्मचारियों की मांगो को पूरा किया जाएगा। लेकिन 3 वर्ष के बाद भी कर्मचारियों की एक भी मांग को पूरा नहीं किया गया।
हेमसा प्रांतीय उपाध्यक्षा शर्मिला हुड्डा ने कहा कि सरकार ने उनकी मांगों के बारे कोई फैसला नहीं लिया। इसलिए विरोध स्वरूप अगामी 17 दिसंबर को प्रदेश भर का कर्मचारी शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करेंगे। इसके लिए उन्होंने अपनी रणनीति तैयार कर ली है।