भिवानी के रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
भिवानी। शहर के रेलवे जंक्शन से प्रयागराज को जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस को 26 फरवरी तक कानपुर तक चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन की 26 फरवरी तक की टिकटें सौ फीसदी बुक हो चुकी हैं। लेकिन ट्रेन में बदलाव होने के चलते महाकुंभ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों को प्रयागराज तक जाने के लिए फिलहाल जंक्शन से किसी प्रकार की सुविधा नहीं है। ट्रेन संख्या 14118 कालिंदी एक्सप्रेस भिवानी से चलकर प्रयागराज को जाने वाली ट्रेन के संचालन में आंशिक बदलाव किया गया है। रूट संचालन में बदलाव करने के बाद ट्रेन प्रयागराज के बजाय कानपुर तक का सफर तय करेगी।
यह बदलाव रेलवे ने प्रयागराज में ट्रेनों की अधिकता के कारण लिया गया है। ट्रेन भिवानी जंक्शन से शाम सात बजकर 35 मिनट पर रवाना होती है ओर सुबह नौ बजकर 25 मिनट पर कानपुर सेंट्रल पहुंचती है।
प्रयागराज के लिए जंक्शन से टिकट बुकिंग का वर्णन
शहर के जंक्शन से प्रयागराज के लिए लोगों ने सौ फीसदी टिकट बुक कर दी है। इसमें मंगलवार की बात करें तो प्रथम श्रेणी एसी में 08 टिकट, द्वितीय श्रेणी एसी में 16 टिकट, थर्ड श्रेणी एसी में 114 टिकट व शयन डिब्बे में 466 टिकट बुक की गई हैं।