अध्यापक कमल शर्मा को सम्मानित करते अतिथि व अन्य।
भिवानी। जिलास्तरीय रंगोत्सव में कमल शर्मा सहित 10 प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। शनिवार को सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल में प्रतियोगिता का समापन हुआ। थिएटर विधा में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लोहारू के विज्ञान अध्यापक कमल शर्मा प्रथम रहे।
जिला परियोजना समन्वयक शिव कुमार और जिला सहायक परियोजना समन्वयक विवेक अदलखा के समन्वय से हुई प्रतियोगिता में शिक्षकों ने गायन, नृत्य, थिएटर, वाद्य संगीत और दृश्य कला में प्रतिभा दिखाई। नोडल अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य शिक्षकों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना और भारतीय कला-संस्कृति को बढ़ावा देना है।
परिणामों में मोनिका ने दृश्य कला 3डी व महिला थिएटर, दिवाकशी ने महिला लोक गायन, सीमा ने दृश्य कला 2डी, मनीष कुमार ने पुरुष लोक नृत्य, मोनू ने पुरुष लोक गायन और सोनू ने पुरुष शास्त्रीय गायन में प्रथम स्थान पाया। लता मोहर ने महिला शास्त्रीय गायन, मनोज कुमार ने पुरुष शास्त्रीय नृत्य, नीलम कुमारी ने महिला शास्त्रीय नृत्य और मानसी शर्मा ने महिला लोक वाद्य संगीत में प्रथम स्थान हासिल किया।
एपीसी विवेक अदलखा ने कहा कि रंगोत्सव शिक्षकों की छिपी प्रतिभा सामने लाने और विद्यालयों में कला आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने का मंच है। विजेता 27 व 28 अक्तूबर को करनाल में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। समापन पर प्राचार्य मीनाक्षी, विवेक अदलखा और नोडल अधिकारी संजय कुमार ने विजेताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम संचालन में प्रवक्ता रितिका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।