हरियाणा में कोसली न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने गांव सुरहेली और श्यामनगर के सरपंचों समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। इन लोगों पर जमीन के सौदे के नाम पर लाखों की हेराफेरी करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार गांव सुरेहली के सरंपच केहर सिंह, गांव श्यामनगर के सरपंच सुधीर के अलावा नरेंद्र, जितेंद्र, रविंद्र ने रेवाड़ी निवासी ईश्वर सिंह से गांव सुरहेली के बहादुर सिंह के नाम पर जमीन का सौदा किया। इस फर्जीवाड़े में ईश्वर से 70 लाख रुपये बतौर ब्याना भी ले लिया गया। इतना ही नहीं सुरहेली निवासी बहादुर सिंह का ग्रामीण क्षेत्रीय बैंक से लिया गया 17 लाख का लोन भी भरवा दिया।
इसके बाद जमीन खरीददार को विश्वास हो गया कि जमीन के असल मालिक यही हैं। ईश्वर सिंह के गांव सुरेहली में बार-बार आने पर नकली बहादुर सिंह को खेतों में चारा काटते दिखाया गया और उसका नकली राशनकार्ड भी तैयार कर लिया गया। इसके बाद ईश्वर ने चार एकड़ जमीन का सौदा तय कर लिया। जब इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ तो ईश्वर सिंह ने अपने पैसे वापिस करने को कहा।
इस पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। ईश्वर ने कोसली न्यायालय में इस्तगासा दायर किया। इस्तगासा के आधार पर न्यायाधीश ने कोसली पुलिस को दोनों गांवों के सरपंचों समेत छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करने के आदेश दिए।
कोसली की डीएसपी धनपति देवी का कहना है कि गांव सुरहेली और श्यामनगर के सरपंचों का रिकार्ड अच्छा नहीं रहा है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि नकली राशन कार्ड बनाना और धोखाधड़ी करना गंभीर मामला है।