सीएम सैनी ने भी सुशासन दिवस के कार्यक्रम में लिया हिस्सा
वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित 'सुशासन दिवस' कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा आज मुझे खुशी है कि यहां अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। कल और आज उनके जीवन पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन हुआ। गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के विभिन्न गांवों में 250 से अधिक अटल पुस्तकालयों का उद्घाटन किया।
बता दें कि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर को मनाई जाती है। यह तिथि केवल एक राजनेता का जन्मदिन नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की उस परंपरा का उत्सव है, जिसमें विचारों की गरिमा, शब्दों की मर्यादा और राष्ट्रहित सर्वोपरि रहता है। अटल जी राजनीति के शोर में भी संयत, स्पष्ट और दूरदर्शी रहे।
वे भारत के उन नेताओं में थे, जिनका व्यक्तित्व सत्ता से बड़ा और विचार दलों से ऊपर था। एक कुशल वक्ता के रूप में उनकी भाषा में कटुता नहीं, बल्कि तर्क, संवेदना और आत्मविश्वास झलकता था। संसद हो या जनसभा, उनकी वाणी विरोधियों को भी सुनने पर मजबूर कर देती थी। वे जानते थे कि शब्द केवल हथियार नहीं, सेतु भी हो सकते हैं।