महिला थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के मामले में आरोपी पैरा एथलीट व अर्जुन अवार्डी अमित सरोहा को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
दरअसल, पिछले दिनों जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पास मामला पहुंचने के बाद महिला थाना पुलिस ने अमित सरोहा व उनके परिजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना तथा पत्नी को मारपीट कर घर से निकालने का मामला दर्ज कर लिया था। अमित के भाई सुमित को इसमें छेड़छाड़ का आरोपी बनाया गया था।
अमित की पत्नी होने का दावा करने वाली युवती कृष्णा ने सीजेएम हर्षाली चौधरी से न्याय की गुहार लगाई थी। इस पर सीजेएम ने उसे नियमानुसार वकील मुहैया कराने तथा नए सिरे से मामला दर्ज कराने का भरोसा दिया था।
अहमदपुर गांव की युवती कृष्णा कुमारी ने दावा किया था कि उसका विवाह पैरा एथलीट अमित सरोहा के साथ हुआ है। इस मामले में उसने एक मंदिर का विवाह प्रमाणपत्र तथा शादी के दौरान ली गई फोटो भी दिखाई थी। पीड़िता का आरोप था कि उसके पति ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया है। उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए महिला थाना पुलिस ने आरोपी अमित सरोहा को गिरफ्तार कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उसे जमानत दे दी। पुलिस अभी तक इस मामले में आरोपी अमित के भाई को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। महिला थाना प्रभारी प्रोमिला ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।