अंबाला। अंबाला में जेब्रा क्रॉसिंग के लिए नियमाें का पालन नहीं हो रहा है। कई स्थानों पर तो जेब्रा क्रॉसिंग नहीं है तो जहां हैं वहां पर वाहन ही जेब्रा क्रॉसिंग पर खड़े दिखाई देते हैं। यहां तक कि स्कूल के बाहर जेब्रा क्रॉसिंग बनी तो हैं मगर इसका पालन न के बराबर होता दिखाई रहा है।
इस कारण से आए दिन सड़क दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इन जेब्रा क्रॉसिंग का पालन यातायात पुलिस को कराना चाहिए मगर कोई खास कार्य इस क्षेत्र में दिखाई नहीं देता है। अंबाला छावनी हो या अंबाला सिटी दोनों ही क्षेत्रों में इस प्रकार की दिक्कत देखने को मिल रही है।
नहीं मिला पुलिसकर्मी , लोग तोड़ते रहे नियम
अंबाला छावनी के स्टॉफ रोड पर तीन बड़े नामी स्कूल हैं। यहां से सैकड़ों बच्चे सुबह व दोपहर के समय आते जाते हैं। यह तीनों स्कूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही हैं। ऐसे में यहां से बच्चों को आने जाने में काफी परेशानी होती है, क्योंकि अवकाश के समय बच्चों को लेने की आपाधापी में सड़क सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन होता है। यहां जो ऑटो चालक आते हैं वह खुद ही बच्चों को हाईवे क्रॉस कराते हैं और ऑटो में बैठाकर आते हैं। इसी प्रकार कई विद्यार्थी खुद ही वाहन चालकों को हाथ दिखाकर आगे बढ़ते दिखते हैं। इससे वह अपनी जान का भी जोखिम ले रहे हैं। इसी प्रकार कई वाहन चालक तेजी से गुजरते हैं। कुछ समय पहले यहां पर पुलिस कर्मचारी की ड्यूटी भी लगाई गई थी।
जेब्रा क्राॅसिंग नहीं दिखती
अंबाला जगाधरी राजमार्ग पर स्टॉफ रोड पर स्कूलों के पास दोनों साइड से जेब्रा क्रॉसिंग मिट चुकी है। इस कारण से वाहन चालक वाहनों को आगे तक ले जाते हैं। इसी प्रकार इंदिरा चौक पर भी जेब्रा क्रॉसिंग तो है मगर इसका पालन कोई नहीं करता है। क्योंकि लोगों में जागरुकता की भी कमी है और उन पर कोई कार्रवाई भी नहीं होती है। अगर पुलिस कर्मी खड़े हों तब भी लोग जेब्रा क्रॉसिंग पर ही अपनी बाइक रोकते हैं। इसी प्रकार कई अन्य क्षेत्रों से भी जेब्रा क्राॅसिंग गायब हो गई है।