नारायणगढ़। इलाके में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामले में शाहपुर पुल के पास सिगरेट पीने रुके एक युवक की बाइक पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में नाहन (हिमाचल प्रदेश) निवासी तसफ ने बताया कि 18 जनवरी को अपने दोस्त मयंक के साथ बाइक ठीक करवाने नारायणगढ़ आया था। दोपहर करीब दो बजे जब वे लौट रहे थे, तो शाहपुर पुल के पास बाइक लॉक कर सिगरेट पीने चले गए। एक घंटे बाद लौटने पर उनकी बाइक वहां नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद भी जब बाइक का सुराग नहीं लगा, तो तसफ ने काला आम्ब चौकी में शिकायत दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का पता लगाया जा सके।