अंबाला। कैंट की रिहायशी कॉलोनियों में सियासी व सामाजिक संस्थाओं से जुड़े युवा पिछले आठ दिन से लगातार भूखे लोगों को खाना उपलब्ध करवा रहे हैं। इन युवाओं को अभी तक प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिल पाई है। इसके बावजूद इन युवाओं ने लॉकडाउन के अंतिम दिन तक जरुरतमंद व गरीब लोगों को खाना उपलब्ध करवाने का संकल्प लिया है। कैंट युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष राणा के साथ प्रजापति समाज के प्रधान सुरेश प्रजापति व अंबरीश वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष आशीष जायसवाल अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पिछले कई दिन से भूखे व जरुरतमंद लोगों को खाना दे रहे हैं। खासकर होम क्वारंटीन लोगों को भी यही युवा भोजन उपलब्ध करवा रहे हैं। युवा नेता मनीष राणा, सुरेश व आशीष जायसवाल ने बताया कि अभी वे रोज 500 लोगों को दो समय का भोजन दे रहे हैं। होटल डेस्टिनेशन में होम क्वारंटीन लोगों के अलावा धमीजा अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों को भी ये लोग ही भोजन दे रहे हैं। इसके अलावा बस स्टैंड, रैन बसेरा, रेलवे स्टेशन, यादव धर्मशाला, जीएमएन व डीएवी सीनियर सैकेंडरी स्कूल में भी इन युवाओं की ओर से भूखे लोगों को खाना दिया जा रहा है। राणा ने बताया कि अभी तक तो उनकी सेवा खुद के ही सहयोग से चल रही है। अभी तक प्रशासन की ओर से उन्हें कोई मदद नहीं मिली लेकिन पूरा कार्य अफसरों के आदेश पर ही चल रहा है।