बराड़ा। जम्मू-कश्मीर से पश्चिम बंगाल जा रहा एक आरोपी नाबालिग पीड़िता को लेकर चलती ट्रेन से कूद गया और भाग गया। घटना बराड़ा रेलवे स्टेशन के पास हुई। घटना के समय आरोपी और पीड़िता नाबालिग पुलिस अभिरक्षा में थे। आरोपी ने पहले पुलिस टीम के साथ हाथापाई भी की और फिर चलती ट्रेन से कूद गया।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के गंगारामपुर थाने की पुलिस टीम 30 जून को जम्मू से जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 13152 से आरोपी रियाज मंडल (22) और किशोरी को लेकर वापस लौट रहे थे। आरोपी रियाज पर गंगारामपुर थाने में पॉक्सो और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था। 1 जुलाई की सुबह करीब 5:54 बजे जैसे ही ट्रेन बराड़ा रेलवे स्टेशन के पास पहुंची और गाड़ी की गति धीमी हुई।
आरोपी रियाज मंडल ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और हाथापाई करते हुए किशोरी को साथ लेकर चलती ट्रेन से नीचे कूद गया। पुलिसकर्मियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी और आरोपी का पीछा किया लेकिन आरोपी और किशोरी अंधेरे व इलाके का फायदा उठाकर भाग गया।
जीआरपी ने शुरु की जांच : घटना के बाद पुलिस टीम ने बराड़ा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ से संपर्क किया और आसपास के इलाकों में गहन तलाशी अभियान चलाया। लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी थाने में आरोपी के खिलाफ हिरासत से भागने की धारा 262 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई रिपोर्ट : मामले की जांच एसआई राजकुमार को सौंपी गई है। जीआरपी थाना प्रभारी हरीश कुमार की मौजूदगी में दर्ज हुए इस मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों, जिनमें एसपी रेलवेज और डीएसपी मुख्यालय शामिल हैं, को ई-मेल के जरिए भेज दी गई है। फिलहाल जीआरपी आरोपी और किशोरी की तलाश में जुटी है। संवाद