नारायणगढ़। पंजलासा गांव के पास हुए सड़क हादसे में घायल विक्रम महतो की इलाज के दौरान चंडीगढृ सेक्टर 32 स्थित जीएमसीएच में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
नारायणगढ़ पुलिस को दी शिकायत में बड़ा गढ़ गांव निवासी परमाल सिंह ने बताया कि दो दिन पहले वह बाइक पर सवार होकर अपनी दुकान के लिए लोहे का सामान लेने के लिए होलसेल की दुकान पर गया था। सामान लेकर वापस अपने गांव जाने लगा तो देखा कि सड़क किनारे एक व्यक्ति पंजलासा गांव की तरफ पैदल जा रहा था। तभी बाइक पर सवार युवक आया और उसने पैदल जा रहे व्यक्ति को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद वह व्यक्ति उछलकर सिर के बल सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। परमाल सिंह ने घायल को नारायणगढ सिविल अस्पताल पहुचाया। जहां पर डाक्टर ने घायल का उपचार शुरू किया। घायल की हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ के सेक्टर 32 स्थित जीएमसीएच में रेफर कर दिया जहां पर उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई । मृतक की पहचान बिहार के जिला सीतामढ़ी गांव बनगांव निवासी विक्रम महतो के रूप में हुई।