अंबाला सिटी। अंबाला शहर के कोर्ट परिसर में तीसरे दिन भी चपड़ासी व सफाईकर्मी के 12 पदों के लिए चल रहे साक्षात्कार को लेकर अभ्यार्थियों की भीड़ लगी रही। वीरवार को साक्षात्कार के लिए आए अभ्यार्थियों में हरियाणा के साथ साथ राजस्थान और बिहार के युवा भी पहुंचे।
इसके साथ ही चपड़ासी पद के लिए महिला अभ्यार्थियों की भी भारी संख्या थी। महिलाएं अपने छोटे छोटे बच्चों के साथ अंबाला कोर्ट परिसर में बैठी नजर आईं। कुछ महिलाएं तो ऐसी भी थी जो अपने चार महीने के बच्चे को लेकर साक्षात्कार का इंतजार करती नजर आईं। वीरवार को आए अभ्यार्थियों में अधिकतर युवा स्नातक थे। तो वहीं कुछ युवा ऐसे भी थे जिनके पास स्नातकोत्तर की डिग्री के साथ साथ बीएड की डिग्री भी थी। युवाओं का कहना था कि प्रदेश में बेरोजगारी इतनी बढ़ गई है कि सिर्फ 12 पदों के लिए आठ हजार से अधिक युवाओं ने आवेदन किया है।
राजस्थान से अंबाला पहुंचा युवा
राजस्थान के हनुमानगढ़ से आए 28 वर्ष के नरेश कुमार ने बताया कि उसने बीए और आईटीआई का कोर्स किया हुआ है। उसने चपरासी के पद के लिए आवेदन किया है। वह 2017 से रेलवे भर्ती की तैयारी में जुटा हुआ है। लेकिन अभी तक उसे नौकरी नहीं मिली है।
कई किलाेमीटर का सफर कर पहुंचा अंबाला
बिहार के औरंगाबाद से आए पुरुषोत्तम ने बताया उसने भौतिकी में बीएससी पास है। उसने भी चपरासी पद के लिए आवेदन किया है। वह बुधवार रात को बिहार से चला था और वीरवार सुबह को वह अंबाला पहुंंचा। पुरुषोत्तम ने बताया कि वह फिलहाल डीएलएड कर रहा है।
एमएससी पास ने भी किया आवेदन
अंबाला के नारायणगढ़ से पहुंचे 23 वर्षीय अक्षय ने बताया कि उसने रसायन विज्ञान से एमएससी कि हुई है। अब वह यूपीएससी की तैयारी कर रहा है। अक्षय ने बताया कि उसने रोजगार के लिए चपरासी पद पर आवेदन किया था। सुबह से वह कोर्ट परिसर में खड़ा हुआ है। उसने कहा कि सरकार को पदों में बढोतरी करनी चाहिए।