अंबाला। नशा तस्करी के मामले में एएनसी सेल अंबाला के पुलिस दल ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए गांव शाहपुर सैनी मोहल्ला निवासी मनदीप को 350 नशे की गोलियां व 88 नशे के कैप्सूल सहित काबू कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना पड़ाव में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। जानकारी के अनुसार बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक नशे की दवाओं की तस्करी का काम करता है। इस सूचना पर एएनसी सेल अंबाला के पुलिस दल ने गांव शाहपुर रेलवे फाटक के पास नाकाबंदी कर दी। संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पैदल आ रहे युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 350 नशे की गोलियां व 88 नशे के कैप्सूल बरामद हुए। टीम ने बताया कि आरोपी की पहचान गांव शाहपुर सैनी मोहल्ला निवासी मनदीप के रूप में हुई। टीम ने आरोपी को नशे के कैप्सूल व गोलियों सहित काबू कर थाना पड़ाव में मामला दर्ज करवाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।