अंबाला। खंड शहजादपुर के बनौंदी गांव के योग शिक्षक नरेंद्र कुमार शुक्रवार को दिल्ली में होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह का हिस्सा बनेंगे। वे विशेष अतिथि के तौर पर इस समारोह में शामिल होंगे।
योग शिक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि वे पिछले दो साल से आयुष विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने दर्जनों कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और पूरे हरियाणा के अलग-अलग जिलों में जाकर वहां के लोगों को योग का अभ्यास करवाया। इसके लिए उन्हें स्थानीय स्तर पर भी कई बार सम्मानित किया गया।
इन उपलब्धियों के कारण ही उन्हें इस बार दिल्ली में होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह का हिस्सा बनने का मौका मिला है और यह एक गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि जब से उन्हें समारोह में शामिल होने का संदेश मिला है कि वे गणतंत्र दिवस पर दिल्ली जाएंगे, तब से परिवार में खुशी का माहौल है। वीरवार शाम को ही वे सपरिवार दिल्ली पहुंच गए थे।
नरेंद्र ने बताया कि सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में आयुष विभाग से प्रदेश के प्रत्येक जिले से योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर एक योग शिक्षक का नाम मांगा गया था। अंबाला जिले की तरफ से उनका नाम भेजा गया था। उन्होंने इस सम्मान के लिए आयुष विभाग व जिला आयुर्वेदिक अधिकारी का आभार व्यक्त किया है।
-