अंबाला सिटी। 15 मई से लगातार भीषण गर्मी पड़ रही है। राहत यह रही कि बुधवार को अधिकतम तापमान लगातार दूसरे दिन 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया। दिन का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे दिन के साथ अब रात में भी गर्मी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार 23 मई को गर्मी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 24 से 26 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है यानी भीषण गर्मी पड़ने के साथ तापमान 40 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना है और हीट वेब भी परेशान कर सकती है। वहीं, अंबाला में बुधवार को 5.6 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चली। सुबह तड़के हवा चलनी शुरू हुई थी। शाम तक ऐसी ही स्थिति रही। दोपहर में हीट वेब व गर्मी बढ़ गई।
धूल भरी हवा चलने की संभावना
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 24 मई तक खुश्क व गर्म रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में बढ़ोतरी जारी रहने की संभावना है। दिन के समय गर्म हवाएं अर्थात लू चलने की संभावना है। तापमान बढ़ने से बीच-बीच में हल्के बादल और शाम व रात्रि के समय धूल भरी हवाएं चलने की संभावना बन रही है।
अंबाला के मुकाबले करनाल रहा कम गर्म
पूरे प्रदेश में पिछले कई दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है। अंबाला के साथ लगते चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह हिसार में अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। रोहतक में 43.2 और नारनौल में 46.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
आगे ऐसा मौसम रहने की संभावना
-23 मई को मौसम साफ रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
-24 मई को मौसम साफ रह सकता है। दिन का अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
-25 मई को मौसम साफ रह सकता है। दिन का अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
-26 मई को मौसम साफ रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।