संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी के उपमंडल भवन स्थित अंत्योदय सरल केंद्र में दो दिनों से कामकाज प्रभावित है। सॉफ्टवेयर अपडेशन की प्रक्रिया चलने के कारण रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और ड्राइविंग लाइसेंस की प्रिंटिंग का काम प्रभावित है।
सरल केंद्र में अपने दस्तावेजों के लिए पहुंच रहे लोगों को खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है। सॉफ्टवेयर में चल रहे तकनीकी बदलाव के कारण नया डेटा प्रोसेस नहीं हो पा रहा। इसका सीधा असर प्रिंटिंग मशीनरी पर पड़ा है। दूर-दराज से आने वाले लोग केंद्र के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
कंपनी के पास है जिम्मा : रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और ड्राइविंग लाइसेंस की प्रिंटिंग का कार्य रोजमाटा कंपनी की ओर से किया जाता है। इसके लिए कंपनी की ओर से दो आपरेटर को सरल केंद्र में बैठाया हुआ है। कंपनी के स्तर पर सॉफ्टवेयर अपग्रेड किए जाने के कारण ही यह बाधा उत्पन्न हुई। इसके चलते लोगों का कामकाज अधर में लटक गया।
परेशान होते रहे लोग : राजेश ने बताया कि उन्होंने गाड़ी की आरसी अप्लाई की हुई है। वह आरसी लेने आए तो पता चला कि सॉफ्टवेयर अपडेट हो रहा है। वहीं संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने तीन महीने पहले डीएल अप्लाई किया था, जब वह अंत्योदय सरल केंद्र में आए तो पता चला कि लाइसेंस प्रिटिंग होना है लेकिन सॉफ्टवेयर अपडेट का काम चल रहा है।