अंबाला पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा
अंबाला। ऑनलाइन टास्क या इन्वेस्टमेंट फ्रॉड से बचाव के लिए पुलिस की साइबर एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने जागरूक करते हुए कहा कि पार्ट टाइम जॉब में पैसे कमाने के नाम पर यदि कोई इन्वेस्टमेंट करने की बात कहें तो हो जाएं सावधान।
पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा ने एडवाजरी जारी करते हुए बताया कि नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर व राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 डायल कर अपनी शिकायत करा सकते हैं। साइबर फ्रॉड की प्रक्रिया के बारे में बताया कि साइबर अपराधी किस प्रकार आपको साइबर ठगी का शिकार बनाते हैं।
सबसे पहले आपके वाट्सएप पर विदेशी या स्वदेशी नंबरों से मैसेज आता है जोकि आपको पार्ट टाइम जॉब देने के नाम पर होता है। उसमें आपको कुछ बड़े-बड़े यू-ट्यूब चैनल दिए जाते हैं, जिन्हें आपको सब्सक्राइब करके उसका स्क्रीन शाॅट उन्हें भेजना होता है। इसके बदले में वो आपको एक सब्सक्राइब करने का 50 रुपये देते हैं। आपको शुरुआत में लगभग तीन लोगों का टास्क दिया जाता है और जब आप उन्हें टास्क पूरा करके व्हाट्सएप पर स्क्रीन शॉट भेज देते हैं तो वो आपको ठग लेते हैं।
ये हैं बचाव के तरीके
आपको किसी विदेशी या भारतीय मोबाइल नंबर से कोई पार्टटाइम जॉब के लिए कोई मैसेज आता है तो आपको अच्छी तरह जांच पड़ताल करनी चाहिए। यदि आपको थोड़ा भी शक हो तो उसे आपको अनदेखा कर डिलीट कर देना चाहिए।
पार्ट टाइम जॉब ऑफर में ज्यादा मुनाफे के चक्कर में ना फंसे और इस प्रकार के मैसेज को अनदेखा करें।
किसी भी प्रकार की जॉब के लिए आपको पैसे देने की आवश्यकता नहीं होती है, अंत कोई भी भुगतान न करें।
यदि आपके पास पार्टटाइम जॉब का आफर आता है तो व्हाट्सएप या टेलीग्राम के बजाय मिलकर आमने सामने ही बात करें।