महिला आयोग की चेयरपर्सन कमलेश पांचाल ने बुधवार देर सायं पुलिस लाइन अंबाला शहर में महिला पुलिस थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छावनी की एक युवती की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी को मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए पीड़ित को न्याय दिलाने बारे निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़िता के द्वारा दी गई शिकायत में लगाए गए आरोप जघन्य अपराध है। इसलिए इस मामले की जल्द से जल्द जांच कर पीड़िता को न्याय दिलवाएं। चेयरपर्सन ने बताया कि छावनी की एक युवती ने उन्हें शिकायत देकर यह बताया है कि छावनी निवासी एक युवक ने जब वह नाबालिग थी, उसे धोखे में रखकर उसका शारीरिक शोषण किया। जब उसने उसके साथ शादी करने की बात कही तो वह उसे धोखे में रखता रहा और उसके बाद भी उसका शारीरिक शोषण करता रहा। चेयर पर्सन ने बताया कि इसी शिकायत के आधार पर उन्होंने महिला थाना का निरीक्षण किया है और निरीक्षण के दौरान पीड़ित लड़की को यहां बुलाकर मामले में उसके ब्यान दर्ज करने के साथ-साथ संबंधित अधिकारी को निष्पक्ष जांच करने के कहा। इस दौरान डीएसपी नीतिका, महिला थाना एसएचओ रजनी, जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर रजनी, एएसआई सुलोचना आदि मौजूद रहे।