स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि प्रदेश में प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए पंचकूला में अंतर्राष्ट्रीय स्तर को योग और प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को लोकप्रिय बनाने और पर्याप्त मात्रा में जड़ी- बूटियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मोरनी में सबसे बड़ा हर्बल फारेस्ट विकसित किया जा रहा है। यह फारेस्ट विकसित करने के लिए हरियाणा सरकार और पतंजलि योग समिति के बीच विधिवत रूप से समझौता हो चुका है। विज ने बताया कि आयुष विज्ञान एवं अनुसंधान के उत्थान के लिए कुरुक्षेत्र में आयुष विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नारनौल जिला के गांव पट्टीकरां में बाबा खेतानाथ राजकीय आयर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा प्रदेश में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आयुर्वेदिक, यूनानी, होम्योपैथी, योग और सिद्धा के प्रकोष्ठों का सुदृढ़ीकरण करने का भी निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि श्रीकृष्णा राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज कुरुक्षेत्र में राजकीय आयुर्वेदिक फार्मेसी भवन एवं ड्रग टेस्टिंग लेबोरेट्री का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। प्रदेश के हर जिला में पंचकर्मा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। प्रदेश के सभी 6500 गांवों में योग और व्यायाम शालाएं स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है और अब तक 900 से अधिक गांवों में ऐसी व्यायामशालाएं स्थापित की गई हैं।