मुलाना। सिरसगढ़ गांव में भंडारे के बाद झूठी पत्तलों को उठाकर साफ कर रही महिलाओं पर गांव के कुछ हमलावरों ने डंडे, कस्सी, सरिये और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिसमें चार महिलाओं सहित एक युवक घायल हो गया। शिकायत पर मुलाना पुलिस ने नौ आरोपियों को नामजद करते हुए 10-12 अन्य पर मामला दर्ज किया है। सिरसगढ़ की रहने वाली 61 वर्षीय नसीबों देवी ने जून माह में पुलिस को शिकायत दी थी। उसमें बताया कि 14 जून को गांव में भंडारा लगाया गया था।
उसकी झूठी पत्तलों को साफ करने के लिए 15 जून को शाम करीब साढ़े सात बजे वह मलिका रानी, गुरनामो देवी, गायत्री देवी व एक दो महिलाओं के साथ सफाई कार्य कर रही थी। इस दौरान आरोपी सतपाल, सुरेंद्र, बलविंदर, विद्या देवी, पवन, बलजिंद्र, बीना देवी, मोनिका, प्रोमिला व अन्य 10 से 12 व्यक्तियों ने आकर डंडे, सरिये, कस्सी व कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला बोल दिया। जब महिलाओं ने शोर मचाया तो चौकीदार वीरेंद्र, रामबीर व रूप चंद मौके पर पहुंचे। जिन्हें देखकर हमलावर वहां से हथियारों सहित जाने लगे। जाते जाते सुरेंद्र ने चौकीदार वीरेंद्र की गर्दन पर कस्सी से वार कर दिया।