अंबाला। खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विभाग ने शुक्रवार को शहर में कई स्थानों पर छापामारी करते हुए घरेलू सिलिंडर जब्त किए। बता दें कि बीते कल उपायुक्त ने कार्यालय का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को फील्ड में निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने शुक्रवार को दुकानों, जिनमें हलवाइयों के साथ-साथ रेस्टोरेंट व होटल शामिल हैं, उनका निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों के तहत कमर्शियल सिलिंडर इस्तेमाल हो रहे हैं या उसकी जगह घरेलू सिलिंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा है उसकी जांच करते हुए व्यवस्थाएं जांची।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने शुक्रवार को बलदेव नगर, मॉडल टाउन, जगाधरी गेट, सेक्टर 7, पुलिस लाइन के साथ-साथ अन्य स्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने 12 दुकानों से 16 डोमेस्टिक सिलिंडरों को किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान सभी जगहों पर संबंधित प्रतिष्ठानों के मालिकों को निर्देश दिए कि वे नियमों का पालन करें। यदि कहीं भी नियमों की अवहेलना पाई गई तो तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।