अंबाला सिटी। शनिवार दोपहर कचहरी स्थित एसबीआई शखा से 60 हजार रुपये निकलवाकर घर लौट रही महिला को दो बाइक सवार युवकों ने लूट लिया। 50 वर्षीय महिला रिक्शे पर सवार थी। घटनास्थल से महज कुछ दूरी पर ही कोतवाली थाना व चौकी नंबर तीन है। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि दोपहर के समय काजीवाड़ा की राजरानी कचहरी स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शखा से 60 हजार रुपये निकलवाने के बाद रिक्शे से घर के लिए निकली। रामबाग रोड शिवजी मंदिर के पास पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने महिला के हाथ से नकदी से भरा पर्स छीना और फरार हो गए। जब तक उन्हें लोग पकड़ पाते आरोपी फरार हो चुके थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला से पूछताछ की। महिला ने घबराहट के कारण पुलिस को अभी तक बयान नहीं दे सकी है। चौकी इंचार्ज नंबर तीन सुरेश कुमार ने बताया कि महिला से 60 हजार रुपये लूटने के बाद लुटेरे भागने में कामयाब रहे। अभी तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। महिला ने अभी बयान नहीं दिए हैं। उन्होंने बताया कि लुटेरों को पुलिस द्वारा जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।